Breaking News

मेरठ में तीन बच्चों समेत परिवार के पांच लोगों की हत्या, घर के बेड बॉक्स में मिले शव

उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक परिवार के पांच सदस्यो की बर्बर हत्या कर दी गई है. मृतकों में मोईन, उसकी पत्नी आसमा और उनकी तीन बेटियां शामिल हैं. मोईन, जो एक राज मिस्त्री का काम करता था, मेरठ के थाना लिसाड़ी गेट क्षेत्र स्थित सुहैल गार्डर कॉलोनी में एक छोटे घर में किराए पर रहता था. इस घर से पांच शव बरामद हुए हैं. इस हत्याकांड ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए AGD, DIG और SSP सहित सभी पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे हैं.

एसएसपी मेरठ विपिन टाडा ने मीडिया को बताया कि दो दिन से ये परिवार किसी के संपर्क में नहीं था. पड़ोसियों ने बुधवार से किसी को बाहर नहीं देखा था. मोईन के भाई और रिश्तेदार उसे फोन कर रहे थे, जिस पर संपर्क नहीं हो पा रहा था. गुरुवार रात लगभग 9 बजे मोईन के रिश्तेदार और भाई उसके घर पहुंचे तो बाहर ताला लगा देखा. इन लोगो को कुछ शक हुआ तो इन्होंने छत पर चढ़ कर अंदर झांक कर देखा, जहां सारा सामान बिखरा पड़ा था और किसी अनहोनी की तरफ इशारा कर रहा था. इन लोगो ने पड़ोसियों की मदद से घर का ताला तोड़ा तो अंदर पूरे परिवार के शव मिले.

सभी शवों को कपड़े और प्लास्टिक से बांधकर छुपाया गया था. मोईन का शव कमरे में गठरी में पड़ा था, जबकि बाकी चार शव बेड के बॉक्स में छिपाए गए थे. सभी की हत्या भारी हथियार से मारकर की गई थी. पुलिस को संदेह है कि यह काम किसी परिचित व्यक्ति का हो सकता है और रंजिश का मामला हो सकता है. घटनास्थल के आसपास का क्षेत्र सील कर दिया गया है, जहां फोरेंसिक टीम अपनी जांच कर रही है. इसके अलावा, डॉग स्क्वॉड की भी सहायता ली जा रही है. पुलिस अब आसपास के CCTV कैमरों की जांच कर रही है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जा सके.
 



from NDTV India - India https://ift.tt/i1gqh6O

No comments