Breaking News

बिहार के मोतिहारी में सोते हुए लोगों पर फेंका गया तेजाब, चार घायल

बिहार में मोतिहारी के चकिया के वार्ड नंबर 16 में रात में एक परिवार पर एसिड फेंका गया. इस एसिड अटैक में एक ही परिवार के चार लोग बुरी तरह से झुलस के घायल हो गए. एसिड अटैक की इस घटना से लोगो में दहशत का माहौल है. इस घटना में एक पंद्रह वर्षीय किशोरी सहित चार लोग घायल हो गए. घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लेकर गई. जहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर स्थिति गंभीर देख घायलों को सदर अस्पताल मोतिहारी रेफर कर दिया.

एसिड अटैक घायलों का इलाज कर रहे चिकित्सक डॉ सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया एसिड बर्न का मामला था. एक पुरुष तथा एक महिला एवं एक किशोरी गम्भीर रूप से घायल है. जबकि एक 15 वर्षीय किशोर आंशिक रूप घायल बताया जा रहा है. अस्पताल में पहुंची पुलिस ने घायल महिला का बयान लिया है. जिसके तहत महिला द्वारा प्रेम प्रसंग में हुई दूसरी शादी का मामला घटना के पीछे का मुख्य कारण बताया गया.

सभी घायल नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 16 में ईंट व एस्बेस्टस से बने किराये के मकान में रह रहे थे. बीती रात अपराधी उक्त किराये के मकान के पश्चिम तरफ के दीवार पर सीढ़ी के सहारे दाखिल हुए और सो रहे लोगों पर तेजाब फेंक दिया. जिससे चार लोग घायल हो गए. हालांकि हमलावर तेजाब अटैक के अलावा और बड़ी घटना को अंजाम देने के फ़िराक में थे, क्योंकि मौके ए वारदात पर तेजाब से जला बिस्तर और तेजाब वाला खाली गैलन व मग के अलावा कोल्ड ड्रिंक की बड़ी बोतल में भरा पेट्रोल व माचिस भी मिली.

तेजाब के झुलसन से कराह रहे लोगों की आवाज सुनकर अगल बगल में सो रहे पड़ोसी के जगने से अपराधियों के मंसूबे  कामयाब नहीं हो सके. इस एसिड अटैक को अंजाम देने वाले लोग फरार हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि हम लोग जगे तो मंजर देख बदहवास हो गए. तेजाब की झुलसन से घायल सभी लोग कराह रहे थे तथा इधर से उधर भाग दौड़ रहे थे. इस घटना से शहरवासियों में खौफ पैदा हो गया है. इस बाबत लोगों का कहना था कि शहर में इस तरह की रोंगटे खडी करने वाली पहली घटना है.

ये भी पढ़ें : राहुल गांधी को नया पासपोर्ट बनवाने के लिए चाहिए कोर्ट की NOC, दिल्‍ली की अदालत में आज सुनवाई

ये भे पढ़ें : यूपी: कन्नौज के इत्र कारोबारी पर कस्टम विभाग ने लगाया 60 लाख रुपये का जुर्माना



from NDTV India - India https://ift.tt/iw4ZAy2

No comments