Breaking News

हरियाणा : गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में कार में जलकर मौत

हरियाणा के जींद जिले के सिवाहा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 152-डी पर शुक्रवार को तड़के एक कार में आग लगने से उसमें बैठी गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई, जबकि उसका पति सुरक्षित बच गया. हालांकि, मृतका सीमा के पिता सज्जन ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके दामाद जितेन्द्र ने अन्य लोगों के साथ मिलकर, साजिश के तहत सीमा की हत्या की है. 

सदर थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर जितेन्द्र सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. वहीं, सात साल के बेटे की मां सीमा (30) के पति जितेन्द्र का कहना है कि वह राजस्थान में बालाजी से दर्शन करके कार से लौट रहा था. उसने बताया कि आज अलसुबह गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 152-डी पर कार आगे चल रही ट्रक से टकरा गई और उसमें आग लग गई.

जितेन्द्र ने दावा किया कि टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई, वह खुद बाहर निकला और सीमा को भी निकालने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहा.

सदर थाने के प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि सीमा के पिता की शिकायत पर उसके पति को नामजद करते हुए कुछ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल मामले की जांच की जा रही है.



from NDTV India - India https://ift.tt/Z4svWq1

No comments