त्रिपुरा से ढाका जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, बाल-बाल बचे कोई हताहत नहीं
भारत और बांग्लादेश के 28 यात्रियों को लेकर अगरतला से ढाका जा रही एक बस शनिवार को ब्राह्मणबरिया में मामूली दुर्घटना का शिकार हो गई. बांग्लादेश की श्यामोली परिवाहन की ढाका जाने वाली बस शनिवार सुबह अगरतला से 28 यात्रियों को लेकर रवाना हुई थी.
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अगरतला-अखौरा एकीकृत जांच चौकी से 31 किलोमीटर दूर ब्राह्मणबरिया में आशुगंज पहुंचने पर माल से लदे एक ट्रक ने उसे ओवरटेक करने की कोशिश की और बस एक ऑटो-रिक्शा से टकरा गई, जिससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया.
घटना में बस और ऑटो रिक्शा में सवार किसी भी यात्री को चोट नहीं आई है. बांग्लादेश में हालिया अशांति के बाद, बस सेवा वर्तमान में अनियमित हो गई है. बस में 7 भारतीय सवार बताए जा रहे हैं.
त्रिपुरा के परिवहन मंत्री सुशांत चौधरी ने अपने आधिकारिक हैंडल से पोस्ट किया है कि एक ट्रक द्वारा दुर्घटना के लिए स्थिति बनाने का प्रयास किया गया था, जो पूर्व नियोजित हो सकता है. उन्होंने आरोप लगाया है कि दुर्घटना होने के बाद बस में सवार भारतीय यात्रियों को स्थानीय बांग्लादेशी और भारत विरोधी नारों द्वारा धमकाया गया.
from NDTV India - India https://ift.tt/E1Xlo57
No comments