Breaking News

'ये AAP की पुरानी चाल...' : अरविंद केजरीवाल पर लिक्विड अटैक की घटना पर BJP

दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर में शनिवार को एक व्यक्ति ने आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल की पदयात्रा के दौरान उन पर कोई तरल पदार्थ फेंका, जिसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया. 'आप' ने दावा किया कि पकड़ा गया व्यक्ति पदयात्रा के दौरान केजरीवाल पर ‘स्पिरिट' फेंककर उन्हें जलाना चाहता था.

आप ने इस घटना के लिए केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि पिछले 35 दिनों में केजरीवाल पर यह तीसरा हमला है. बीजेपी ने मुख्यमंत्री आतिशी के इस आरोप का पुरजोर खंडन किया कि आरोपी भाजपा कार्यकर्ता था.

दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने 'आप' के आरोपों को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि सौरभ भारद्वाज इसे एसिड कहकर सनसनीखेज बनाने की कोशिश कर रहे हैं. अशोक(आरोपी) जो खानपुर डिपो में बस मार्शल थे. अरविंद केजरीवाल ने उसे नौकरी से बर्खास्त कर दिया था. उन्होंने पानी छिड़ककर अरविंद केजरीवाल का ध्यान खींचने की कोशिश की. पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है.

बीजेपी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केजरीवाल पर पानी फेंकने की घटना आम आदमी पार्टी की पुरानी चाल है. उन्होंने कहा कहा कि दिल्लीवासी पूछ रहे हैं कि ऐसी घटनाएं उनके साथ ही क्यों होती हैं.

घटना के बाद आप संयोजन अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें मेरी पदयात्रा रोकने के बजाय दिल्ली में अपराध रोकने की कोशिश करनी चाहिए. केजरीवाल ने ‘एक्स' पर कहा, ‘‘क्या मुझे रोकने से दिल्ली में अपराध कम हो जाएंगे? क्या दिल्ली में गोलीबारी बंद हो जाएगी. क्या महिलाएं और व्यापारी सुरक्षित हो जाएंगे.''
 



from NDTV India - India https://ift.tt/kQE1FMx

No comments