महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव : कांग्रेस की तीसरी सूची में 16 नाम, अब तक कुल 87 उम्मीदवार घोषित
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव (Maharashtra Assembly Elections) को लेकर महाविकास अघाड़ी और महायुति की पार्टियां लगातार अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर रही है. शनिवार को कांग्रेस ने महाराष्ट्र चुनाव के लिए उम्मीदवारों की तीसरी सूची (Congress candidates third list) जारी की है. इस सूची में 16 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया है. तीनों सूचियों को मिलाकर कांग्रेस अब तक 87 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर चुकी है.
कांग्रेस की तीसरी सूची में पार्टी ने दिगरास से माणिकराव ठाकरे को चुनाव मैदान में उतारा है. वहीं पर पार्टी ने बांद्रा पश्चिम से आसिफ जकरिया और अंधेरी पश्चिम से सचिन सावंत को टिकट दिया गया है. कांग्रेस ने मालेगांव मध्य से एजाज बेग को उम्मीदवार बनाया है, जबकि यह सीट समाजवादी पार्टी अपने लिए मांग रही थी.

इससे पहले कांग्रेस ने अपनी दूसरी सूची में 23 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया था तो पहली सूची में 48 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया गया था.
कई दिनों के गतिरोध के बाद महा विकास अघाड़ी ने बुधवार को 288 सदस्यीय राज्य विधानसभा चुनाव के लिये सीट बंटवारे को लेकर फॉर्मूले की घोषणा की थी. इसके तहत शिवसेना (यूबीटी), कांग्रेस और राकांपा (एसपी) के 85-85 सीट पर चुनाव लड़ने की घोषणा की गई थी. कुछ सीटों को लेकर अब भी गतिरोध है. महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 नवंबर को होगा, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी.
from NDTV India - India https://ift.tt/2u64sQf
No comments