"अरविंद केजरीवाल को ED सुबह कर सकती है गिरफ्तार": AAP नेताओं ने किया दावा
दिल्ली आबकारी नीति मामले के संबंध में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समन को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल
(Chief Minister Arvind Kejriwal) ने बुधवार को तीसरी बार नजर अंदाज कर दिया. इस बीच आम आदमी पार्टी के नेताओं ने ट्वीट किया है कि सीएम केजरीवाल के आवास पर गुरुवार की सुबह ईडी की टीम पहुंच सकती है और उन्हें गिरफ्तार कर सकती है. हालांकि ईडी के सूत्रों ने AAP नेताओं के दावे को गलत बताया है. अरविंद केजरीवाल की सरकार में मंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया साइट एक्स पर दावा किया है कि खबर आ रही है कि ईडी छापेमारी करने जा रही है. गिरफ्तारी की भी संभावना है.
News coming in that ED is going to raid @ArvindKejriwal's residence tmrw morning. Arrest likely.
— Atishi (@AtishiAAP) January 3, 2024
एक अन्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि सुनने में आ रहा है कल सुबह मुख्यमंत्री केजरीवाल जी के घर ED पहुंच कर उन्हें गिरफ़्तार करने वाली है. AAP नेता जैस्मिन शाह ने भी गिरफ्तारी और छापेमारी की आशंका जतायी है.
अरविंद केजरीवाल ईडी के सामने क्यों नहीं हुए पेश?
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को जांच एजेंसी को लिखा कि वह राज्यसभा चुनाव और गणतंत्र दिवस की तैयारियों में व्यस्त हैं, लेकिन एजेंसी की किसी भी प्रश्नावली का जवाब देने के लिए तैयार हैं.‘आप' प्रमुख ने एजेंसी से अपने पहले के पत्रों का जवाब देने के लिए कहा जिसमें उन्होंने कथित पूछताछ/जांच के लिए बुलाए जाने से जुड़े वास्तविक इरादे और इस पूछताछ की प्रकृति और दायरे को लेकर स्पष्टीकरण मांगा था.
बीजेपी ने साधा निशाना
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ‘डर से कांप' रहे हैं और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष पेश नहीं हो रहे हैं क्योंकि वह जानते हैं कि वह कथित शराब नीति घोटाले के ‘सरगना' हैं. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘कट्टर बेईमान अरविंद केजरीवाल डर से कांप रहे हैं और ईडी के समन को नजरअंदाज करने के लिए एक के बाद एक बहाने बना रहे हैं.''
from NDTV India - India https://ift.tt/oRtF8Zx
No comments