Breaking News

पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन पर अंतिम फैसला ‘आप’ आलाकमान लेगा: संदीप पाठक

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संदीप पाठक ने बुधवार को कहा कि पंजाब में कांग्रेस के साथ गठबंधन पर अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान लेगा. पाठक की टिप्पणी पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के उस बयान के बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि उनकी पार्टी राज्य में कांग्रेस के साथ गठबंधन नहीं करेगी.

कांग्रेस के साथ गठबंधन पर एक सवाल का जवाब देते हुए, मान ने कहा कि उन्होंने कई बार कहा है, 'पंजाब देश में नायक के तौर पर उभरेगा और 2024 के लोकसभा चुनावों में ‘आप' 13-0 से जीतेगी.” चंडीगढ़ महापौर चुनाव के लिए कांग्रेस के साथ ‘आप' के गठबंधन के बारे में पूछे जाने पर मान ने कहा, 'तब आप इसे 14 तक पहुंचा सकते हैं.' उन्होंने संकेत दिया है कि ‘आप' चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर भी चुनाव लड़ सकती है.

पाठक ने ‘पीटीआई-वीडियो' से बात करते हुए कहा, ''यह कोई नई बात नहीं है. (पंजाब में) ‘आप' और कांग्रेस दोनों की स्थानीय इकाइयां कहती रही हैं कि उन्हें वहां गठबंधन की जरूरत नहीं है. इस पर अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान द्वारा लिया जाएगा. स्थानीय इकाई और राज्य के नेताओं की अलग-अलग आकांक्षाएं हो सकती हैं लेकिन इस पर कोई आधिकारिक निर्णय नहीं लिया गया है.”

पांच राज्यों दिल्ली, पंजाब, गोवा, हरियाणा और गुजरात में सीट बंटवारे के मुद्दे पर ‘आप' और कांग्रेस के बीच अब तक दो बैठकें हो चुकी हैं. उन्होंने कहा, 'दो बैठकें हुई हैं और वे सकारात्मक माहौल में हुई हैं. स्थानीय आकांक्षाओं, स्थानीय राजनीति और राष्ट्रीय राजनीति पर रचनात्मक तरीके से विस्तृत चर्चा हुई. सभी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी.'

इससे पहले दिन में, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने घोषणा की कि उनकी पार्टी ने राज्य में आगामी लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है. पाठक से पूछा गया कि क्या मान और बनर्जी की टिप्पणियां ‘इंडिया' ब्लॉक के लिए दोहरा झटका हैं.

उन्होंने कहा, “ ‘इंडिया' गठबंधन के सभी घटक इसे रचनात्मक तरीके से सफल बनाना चाहते हैं. हर राजनीतिक दल की अपनी राजनीति और अपनी विचारधारा होती है. जब वे सीट बंटवारे की बातचीत के लिए एक साथ बैठेंगे तो यह कोई छोटा मुद्दा नहीं होगा. छोटी-छोटी बातें होंगी. मुझे लगता है कि जब आपकी मंशा साफ होती है तो चीजें सुलझ जाती हैं और सब कुछ ठीक हो जाएगा.”

‘आप' 28 सदस्यों वाले ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस' (‘इंडिया') का हिस्सा है जिसमें कांग्रेस, टीएमसी और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम मोर्चा समेत अन्य दल शामिल हैं.



from NDTV India - India https://ift.tt/GqNtpUl

No comments