Breaking News

मध्य प्रदेश में टिकट को लेकर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता हुए उग्र, कहीं मारपीट तो कहीं इस्तीफे

मध्य प्रदेश में टिकट को लेकर भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता अपने ही नेताओं पर भड़क गए हैं. बीजेपी की 5वीं लिस्ट आते ही हंगामा मच गया. जबलपुर की उत्तर-मध्य विधानसभा सीट पर पार्टी के प्रदेश चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव के सामने ना सिर्फ प्रदर्शन और नारेबाजी हुई बल्कि उनके गनमैन के साथ मारपीट भी हो गई.

इस सीट से अभिलाष पांडे को टिकट मिला है. इसको लेकर धीरज पटेरिया और पूर्व मंत्री शरद जैन के समर्थकों ने पार्टी दफ्तर में जमकर हंगामा किया. नर्मदापुरम से मौजूदा विधायक और पूर्व स्पीकर सीतासरन शर्मा के खिलाफ भी नारे लगे. छिंदवाड़ा में भी चौरई में बीजेपी उम्मीदवार लखन वर्मा का विरोध हो रहा है. विंध्य के नागौद में भी पूर्व मंत्री नागेंद्र सिंह और रैगांव सीट से प्रतिमा बागरी का जमकर विरोध हो रहा है.

मध्य प्रदेश कांग्रेस में टिकट बंटवारे के बाद शनिवार को शाजापुर जिले के शुजालपुर, निवाड़ी, दतिया जिले की सेवढ़ा और मंदसौर की मल्हारगढ़ के उम्मीदवारों के खिलाफ नाराज़ कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके विधायक बेटे जयवर्धन सिंह का पुतला जलाया.

पीसीसी दफ्तर में दिग्विजय सिंह की फोटो को जूते मारे और गोबर भी पोता. प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष और पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष दामोदर सिंह यादव ने इस्तीफा दे दिया. शुजालपुर के नाराज कार्यकर्ताओं ने कमलनाथ के बंगले के बाहर नारे लगाये. पंगत लगाकर खाना खाया. खातेगांव सीट पर बीजेपी से कांग्रेस में आए पूर्व मंत्री दीपक जोशी को काले झंडे दिखाए. उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिये. महू में भी पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार के समर्थक सड़क पर उतर आए.



from NDTV India - India https://ift.tt/tpJXCNE

No comments