Breaking News

दिल्ली पुलिस ने G20 नेताओं के महात्मा गांधी के समाधि स्थल की यात्रा से पहले राजघाट पर सुरक्षा बढ़ाई

दिल्ली पुलिस ने जी20 नेताओं के महात्मा गांधी के समाधि स्थल पर जाने से पहले मध्य दिल्ली में राजघाट के आसपास सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था की है. पुलिस उपायुक्त (मध्य) संजय कुमार सैन ने कहा कि जी20 देशों के नेता 10 सितंबर को राजघाट जाएंगे. उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा की उपयुक्त व्यवस्था की गई है और यातायात पुलिस के कर्मी उनकी यात्रा को सुगम बनाएंगे. जी20 शिखर सम्मेलन नौ-10 सितंबर को राष्ट्रीय राजधानी में होने जा रहा है. इसमें 30 से अधिक देशों के राष्ट्राध्यक्षों और यूरोपीय संघ के शीर्ष अधिकारियों तथा 14 अंतराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों के शामिल होने की संभावना है.

शिखर सम्मेलन शुरू होने में चार दिन शेष रह गया है, ऐसे में दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा कड़ी कर दी है. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी इंतजाम की समीक्षा कर रहे हैं और कानून व्यवस्था बरकरार रखने के लिए योजनाएं बना रहे हैं. सैन ने कहा कि पुलिस दिल्ली और सीमावर्ती इलाकों में कड़ी चौकसी कर रही है.

उन्होंने कहा, ‘‘यातायात का प्रबंधन करने के अलावा हमने सीमावर्ती इलाकों की पहचान कर उन्हें उपयुक्त रूप से सुरक्षित करने के लिए एक योजना भी बनाई है.'' वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘किसी को भी 10 सितंबर को पतंग उड़ाने की अनुमति नहीं होगी और (इलाके में) ड्रोन परिचालित करने पर सख्त पाबंदी होगी. '' दिल्ली की लोक निर्माण विभाग मंत्री आतिशी ने इससे पहले पीटीआई-भाषा से कहा था कि सम्मेलन के लिए तैयारियां जोर-शोर से जारी है और सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है.
 

ये भी पढ़ें- 



from NDTV India - India https://ift.tt/o9rfa5l

No comments