Breaking News

अलीगढ़ में पति की तेरहवीं के दिन पत्नी और बेटी की पीट-पीटकर हत्या

अलीगढ़ जिले के गोंडा थाना क्षेत्र में सोमवार को पति की तेरहवीं (श्राद्ध) के दौरान एक महिला और उसकी बेटी की दिनदहाड़े पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, गोंडा थाना क्षेत्र के कैमथल गांव में सोमवार को एक अधेड़ उम्र की महिला मुकेश और उसकी 22 वर्षीय बेटी प्रियंका को उसके पति की 'तेरहवीं' के दौरान दिनदहाड़े पीट-पीटकर मार डाला गया.

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कलानिधि नैथानी ने पत्रकारों को बताया कि आज दोपहर महिला और उसकी बेटी अनुष्ठान में शामिल हो रही थी, तभी मुकेश के देवरों ने बहस के बाद उन पर लाठियों से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई. एसएसपी ने कहा कि हमलावरों की पहचान धर्मवीर, रमेश और राकेश के रूप में की गई है. उन्होंने बताया कि वहां मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया लेकिन बदमाश भागने में सफल रहे.

पुलिस ने कहा कि यह जानलेवा हमला मृतक की संपत्ति की विरासत को लेकर झगड़े से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है. गोंडा थाना के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) विजयकांत शर्मा ने बताया कि गांव कैमथल निवासी सुरेश कुमार की बीते दिनों बीमारी के चलते मौत हो गयी जिसके बाद उनका तेरहवीं संस्कार सोमवार चार सितंबर को गांव में ही रखा गया था. जिस समय यह घटना घटी उस समय ब्राह्मण भोज के बाद रस्म पगड़ी का संस्कार चल रहा था, तभी सुरेश की पत्नी और उसकी बेटी को आरोपियों ने पीट पीटकर मार डाला. उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- 



from NDTV India - India https://ift.tt/DNTXIzo

No comments