मोदी सरकार की योजनाओं ने वास्तव में महिलाओं को सशक्त बनाया है: जेपी नड्डा
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा शुरू की गई कई योजनाओं ने जमीनी स्तर पर महिलाओं को सही मायने में सशक्त बनाया है. पार्टी के 'महिला मोर्चा' के प्रशिक्षण कार्यक्रम 'कमलमित्र' की शुरुआत के मौके पर नड्डा ने कहा कि इन योजनाओं से करोड़ों परिवारों, खासकर महिलाओं को फायदा हुआ है. उन्होंने कहा कि 'स्वच्छता अभियान' के तहत 11 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए गए हैं, नौ करोड़ से अधिक घरों को गैस सिलेंडर के कनेक्शन दिए गए हैं, जिससे परिवार की महिला सदस्यों को ईंधन की लकड़ी के उपयोग से निकलने वाले धुएं से निजात मिल गई है.
नड्डा ने कहा, ''रक्षा क्षेत्र में अब महिलाओं को स्थायी कमीशन दिया जाता है. उनके पास लड़ाकू विमानों का प्रशिक्षण प्राप्त करने और एनडीए (राष्ट्रीय रक्षा अकादमी) में प्रवेश पाने का अवसर भी हैं.''
पार्टी की महिला इकाई की अध्यक्ष वनथी श्रीनिवासन ने कहा कि 'कमलमित्र' पहल में एक लाख से अधिक भाजपा कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की लगभग 15 महिला केंद्रित योजनाओं के विभिन्न आयामों पर प्रशिक्षित करने की परिकल्पना की गई है.
उन्होंने कहा कि 'महिला मोर्चा' (भाजपा की महिला शाखा) की योजना हर लोकसभा क्षेत्र में औसतन 200 महिलाओं को प्रशिक्षित करने की है.
सरकारी योजनाओं के 'लाभार्थी' हाल के वर्षों में भाजपा का बड़ा वोट बैंक बने हैं. चुनावी जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी सहित कई भाजपा नेता अक्सर इसका जिक्र भी करते रहे हैं. अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर, भाजपा के इस कदम को महिलाओं को लुभाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है.
ये भी पढ़ें :
* नेपाल में जब भूकंप आया तो वहां की सरकार से पहले भारत सरकार की ओर से मदद पहुंची: जेपी नड्डा
* ओडिशा के दो स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए पीएम मोदी करेंगे शिलान्यास, यात्रियों को मिलेगा विश्व स्तरीय अनुभव; देखें तस्वीरें
* रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था शख्स, तभी आ गई फूल स्पीड में ट्रेन, तभी बाइक सवार गिर गया और...
from NDTV India - India https://ift.tt/vEnSVKJ
No comments