Breaking News

गुजरात के एक व्यापारी से 32 लाख रुपये के हीरे की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

गुजरात के सूरत शहर में एक पैकेट में रखे 32 लाख रुपये के हीरे कथित तौर पर गुटखा के पैकेट से बदलकर एक हीरा व्यापारी से ठगी करने के आरोप में पुलिस ने रविवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. व्यापारी ऋषभ वोरा ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि एक हीरा एजेंट के रूप में काम करने वाले आरोपी राहील मंजानी ने उन्हें उनके कार्यालय से 32,04,442 रुपये मूल्य के हीरे दूसरे व्यापारी को बेचने के नाम पर प्राप्त करने के लिए विश्वास में लिया.

महिधरपारा पुलिस थाने में दर्ज शिकायत में कहा कि एजेंट ने 13 से 21 फरवरी, 2023 के बीच तीन सीलबंद पैकेट में हीरे एकत्रित किए और वोरा को दो लाख रुपये का भुगतान किया. वोरा ने शिकायत में कहा कि आरोपी ने उनसे कहा कि वह बाकी राशि का भुगतान तीन-चार दिनों में कर देगा.

अधिकारी ने बताया कि जब भुगतान नहीं हुआ तो वोरा ने अपने पैकेट मांगे और तीनों सीलबंद पैकेट को एजेंट के सामने खोलने का निर्णय लिया गया. शिकायत में कहा गया है कि वोरा हीरे की जगह गुटखा के पैकेट देखकर हैरान रह गए. वोरा ने आरोप लगाया कि एजेंट ने उन्हें विश्वास में लिया और एक अन्य हीरा व्यापारी के साथ मिलकर हीरे के बदले गुटखा के पैकेट रखकर उन्हें धोखा देने की साजिश रची.

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 409 (आपराधिक विश्वासघात) के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि क्या अन्य व्यापारी इसमें शामिल थे.



from NDTV India - India https://ift.tt/bni8Kpv

No comments