पीएम मोदी आज हैदराबाद में वंदे भारत ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी, एम्स और हाईवे की रखेंगे आधारशिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हैदराबाद में सिकंदराबाद-तिरुपति वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाने के अलावा तेलंगाना में 11,300 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. आधिकारिक सूत्रों ने प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया को बताया कि शहर के दौरे पर पीएम मोदी हैदराबाद के परेड ग्राउंड में एक जनसभा में भी भाग लेंगे. पीएम मोदी यहां एम्स बीबीनगर और पांच राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे. पीएम सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की आधारशिला भी रखेंगे और रेलवे से संबंधित अन्य विकास परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे.
सिकंदराबाद-तिरुपति वंदे भारत एक्सप्रेस, जो हैदराबाद को भगवान वेंकटेश्वर, तिरुपति के निवास स्थान से जोड़ती है, तीन महीने की छोटी अवधि के भीतर तेलंगाना से शुरू की जाने वाली दूसरी वंदे भारत ट्रेन है. ट्रेन दोनों शहरों के बीच यात्रा के समय को लगभग साढ़े तीन घंटे कम कर देगी और जिसका सीधा लाभ तीर्थयात्रियों को मिलेगा. वहीं ₹720 करोड़ की लागत से किए जाने वाले सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास की योजना इस तरह बनाई जा रही है कि यह विश्व स्तरीय सुविधाओं से लैस हो. यात्रा के दौरान, पीएम मोदी हैदराबाद-सिकंदराबाद शहर क्षेत्र के उपनगरीय खंड में 13 नई मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट सर्विस (एमएमटीएस) सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे.
पीएम मोदी सिकंदराबाद-महबूबनगर परियोजना के दोहरीकरण और विद्युतीकरण को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे. लगभग 1,410 करोड़ रुपये की लागत से 85 किमी से अधिक की दूरी तक फैली परियोजना को पूरा किया गया है. यह परियोजना कनेक्टिविटी प्रदान करेगी और ट्रेनों की औसत गति बढ़ाने में सहायता करेगी. परेड ग्राउंड में सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री एम्स बीबीनगर, हैदराबाद की आधारशिला रखेंगे. एक आधिकारिक विज्ञप्ति में पहले कहा गया था कि यह देश भर में स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के पीएम के दृष्टिकोण का प्रमाण है.
एम्स बीबीनगर को 1,350 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित किया जा रहा है. एम्स बीबीनगर की स्थापना तेलंगाना के लोगों को उनके दरवाजे पर व्यापक, गुणवत्तापूर्ण और समग्र तृतीयक देखभाल स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. पीएम मोदी 7,850 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे. ये सड़क परियोजनाएं तेलंगाना और आंध्र प्रदेश दोनों के सड़क संपर्क को मजबूत करेंगी और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में सहायता करेंगी. इसी दिन हैदराबाद दौरे के बाद पीएम मोदी तमिलनाडु के लिए रवाना होने वाले हैं.
ये भी पढ़ें : पहले विनाशकारी कामों के लिए चर्चा में रहता था आजमगढ़, आज बन रहा विकास का गढ़ : सीएम योगी
ये भी पढ़ें : MP : कमलनाथ के लिए ‘‘आपत्तिजनक'' शब्द कहने पर CM शिवराज के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन
from NDTV India - India https://ift.tt/i7dxXN1
No comments