अस्पष्ट जनादेश मिलने पर राज्य के हितों को सामने रखकर करेंगे गठबंधन : कोनराड संगमा
नगालैंड और मेघालय में विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को वोटिंग हुई. नगालैंड में 60 सीटों पर जबकि मेघालय विधानसभा की 59 सीटों के लिए मतदान हुए. मतदान के बाद एनडीटीवी से बातचीत में मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी, नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPP)को इस बार पहले से ज्यादा सीटें मिलेंगी. उन्होंने कहा कि, ''उम्मीद है कि इस बार हम आधी विधानसभा सीटें जीत सकते हैं.''
कोनराड संगमा ने कहा कि, ''हम कभी प्री-पोल अलाइंस नहीं करते, हमने हर चुनाव इंडिपेंडेंट लड़ा है. हमारा मानना है कि हम जब इलेक्शन में पब्लिक के बीच जाते हैं तो अपनी पार्टी की आइडियोलॉजी, सोच को लेकर जाते हैं. यदि प्री-पोल अलायंस हो गया तो आपने अपनी आइडियोलॉजी डॉयल्यूट कर दी.''
पूर्ण बहुमत न मिलने पर फिर से बीजेपी के साथ जाने के सवाल पर संगमा ने कहा कि, ''हमने जब सरकार बनाई तो हमारी साफ अंडरस्टैंडिंग थी कि हम साथ में काम करेंगे. हम सभी पार्टनर ने मिलकर फैसला लिया कि हम चुनाव अलग-अलग लड़ेंगे. ऐसा नहीं है कि हमारे बीच हालात बिगड़े इसलिए हम अलग-अलग हुए.''
सरकार बनाने के लिए गठबंधन के सवाल पर संगमा ने कहा कि, ''यदि अस्पष्ट जनादेश आया तो एक राजनीतिक दल के तौर पर राज्य के हित में हम किसके साथ राज्य को आगे ले जाएंगे, यह हमें सोचना पड़ेगा. क्योंकि यदि अस्पष्ट जनादेश आया तो हमारे पास कोई चारा नहीं रहेगा. हमें जब यह लगेगा कि किस पार्टी के साथ राज्य के हित पूरे होंगे, हम एक स्थिर सरकार दे पाएंगे, तो इस सोच के साथ हम आगे बढ़ेंगे.''
from NDTV India - India https://ift.tt/TYWdLQg
No comments