Breaking News

आश्रम फ्लाईओवर एक्सटेंशन का उद्घाटन रद्द, सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद AAP सरकार का फैसला

दिल्ली आबकारी केस में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद आश्रम फ्लाईओवर एक्सटेंशन के उद्घाटन का कार्यक्रम फिलहाल के लिए टाल दिया गया है. रिपेयरिंग के बाद फ्लाईओवर को 28 फरवरी को आवाजाही के लिए खोल दिया जाना था. आश्रम फ्लाईओवर एक्सटेंशन का उद्घाटन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल करने वाले थे. हालांकि, आम आदमी पार्टी सरकार के नंबर दो और केजरीवाल के बाद सबसे प्रभावशाली नेता मनीष सिसोदिया को सीबीआई रिमांड पर भेजे जाने के बाद दिल्ली सरकार ने ये कार्यक्रम को रद्द करने का फैसला किया है. सिसोदिया की गिरफ्तारी के विरोध में देशभर में आप के प्रदर्शन हो रहे हैं.

लोक निर्माण विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि इस फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है. कुछ छोटे-मोटे कार्य बचे हैं, जिन्‍हें पूरा किया जा रहा है. अब मुख्‍य तैयारी इसके उद्घाटन समारोह को लेकर हो रही है. सीएम केजरीवाल के हाथों इसके उद्घाटन की पुष्टि भी हो चुकी है. लेकिन सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद कार्यक्रम को टाला गया है.

आश्रम फ्लाईओवर दिल्‍ली सरकार का सबसे बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट है. इसके एक्सटेंशन निर्माण के कारण यह फ्लाईओवर बीते डेढ़ माह से बंद है. जिसकी वजह से रोजाना लाखों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस फ्लाईओवर के  खुलने के बाद दिल्‍ली-नोएडा और गाजियाबाद आने-जाने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी.

CBI ने रविवार को 8 घंटे की पूछताछ के बाद मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार किया था. जांच एजेंसी ने कहा था कि सिसोदिया सवालों के सही जवाब नहीं दे रहे हैं. इसलिए उनकी रिमांड जरूरी है. वहीं, सिसोदिया का कहना है कि उन्होंने मनचाहा जवाब नहीं दिया, इसलिए सीबीआई रिमांड पर लेना चाहती है.

राऊज एवेन्यू कोर्ट ने CBI को डिप्टी CM मनीष सिसोदिया की 4 मार्च तक की रिमांड दे दी है. दिल्ली शराब नीति केस में जांच एजेंसी ने सिसोदिया की 5 दिन की कस्टडी मांगी थी, जिसे कोर्ट ने मान लिया. इससे पहले, सिसोदिया को सोमवार दोपहर 3:10 बजे राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया.
 


 



from NDTV India - India https://ift.tt/aSXpwiK

No comments