Breaking News

मेघालय चुनाव: बीजेपी ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का किया वादा

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को मेघालय विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया. जिसमें सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने और राज्य के कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने का वादा किया गया है.

बीजेपी ने राज्य की सत्ता में आने पर कैंटीन के माध्यम से 5 रुपये में भोजन, बालिकाओं को स्नातकोत्तर तक नि:शुल्क शिक्षा, कॉलेज में उच्च वरीयता पाने वाली बालिकाओं के लिए नि:शुल्क स्कूटर, बच्ची के जन्म पर 50,000 रुपये का सरकारी बांड और महिलाओं की एक पुलिस बटालियन शुरू करने का वादा किया है.

घोषणापत्र में सभी आश्रित विधवाओं और अकेली माताओं को 24,000 रुपये की वार्षिक वित्तीय सहायता प्रदान करने, पीएम उज्ज्वला योजना के सभी लाभार्थियों को दो नि:शुल्क एलपीजी सिलेंडर और 24 घंटे बिजली आपूर्ति का वादा भी किया गया है.

नड्डा ने इस अवसर पर कहा, ‘‘हमने मेघालय में सातवें वेतन आयोग की सिफारिश लागू करने का फैसला किया है और कर्मचारियों का वेतन समय पर दिया जाएगा ताकि पूरा तंत्र अच्छी तरह काम करे.'' बीजेपी ने राज्य में भ्रष्टाचार के सभी मामलों में जांच के लिए एक ‘विशेष कार्यबल' के गठन का भी वादा किया है.

नड्डा ने आरोप लगाया कि राज्य में भ्रष्टाचार से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं.
 



from NDTV India - India https://ift.tt/vPtngS1

No comments