पीएम मोदी के कार्यक्रम में VVIP क्षेत्र में प्रवेश करने का आरोपी पूर्व NSG कर्मी गिरफ्तार
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई स्थित बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (BKC) में गुरुवार को आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक कार्यक्रम के दौरान वीवीआईपी इलाके में प्रवेश करने की कोशिश करने के आरोप में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) के एक 35 वर्षीय पूर्व कर्मी को गिरफ्तार किया गया है. एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी. अधिकारी ने बताया कि एनएसजी के पूर्व कर्मी ने फर्जी पहचान पत्र ‘दिखाया' था, जिसमें दर्शाया गया था कि वह अब भी देश की शीर्ष आतंकवाद रोधी इकाई का सदस्य है.
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के आयोजन स्थल पर आने से करीब डेढ़ घंटे पहले एक पुलिस कर्मी ने आरोपी को कथित तौर पर कड़ी सुरक्षा वाले वीवीआईपी इलाके में प्रवेश करने से रोका था और उस समय आरोपी ने एक ‘रिबन' पहना था जिस पर लिखा था ‘‘दिल्ली पुलिस प्रधानमंत्री सुरक्षा.''
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा विशेष रक्षा समूह (SPG) करता है.
अधिकारी ने बताया कि पुलिस अधिकारियों ने बीकेसी के एमएमआरडीए मैदान में होने वाले कार्यक्रम के दिन आरोपी को संदेह के आधार पर हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की. उन्होंने बताया, ‘‘आरोपी व्यक्ति पहले एनएसजी में काम कर चुका है. उसने अपने पहचान पत्र में छेड़छाड़ की थी, ताकि दिखा सके कि वह अब भी एनएसजी में काम कर रहा है.''
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को अवंसरचना विकास, शहरी सेवाओं को सुधारने और मुंबई की स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के उद्देश्य से 38 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने मुंबई आए थे. उन्होंने नई मेट्रो लाइन पर मेट्रो ट्रेन में सफर भी किया था, जिसका उन्होंने उद्घाटन किया था.
बीकेसी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक मामला दर्ज किया गया है. अधिकारी ने बताया, ‘‘उसे 24 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है.''
from NDTV India - India https://ift.tt/8ot7RkD
No comments