Breaking News

CM योगी से महिंद्रा समूह के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा ने की मुलाकात, निवेश की संभावनाओं पर हुई चर्चा

महिंद्रा समूह के अध्यक्ष आनंद महिंद्रा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित उनके सरकारी आवास शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर निवेश और प्रस्तावों पर विचार-विमर्श हुआ. मुख्यमंत्री ने कहा कि एयरोस्पेस, कृषि व्यवसाय, ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स, निर्माण उपकरण, रक्षा, ऊर्जा, कृषि उपकरण, वित्त और बीमा, औद्योगिक उपकरण, सूचना प्रौद्योगिकी, हॉस्पिटैलिटी, लॉजिस्टिक्स, रियल इस्टेट, रिटेल और शिक्षा सेक्टर में महिंद्रा समूह  की विशेषज्ञता है. ग्रुप के सुदीर्घ अनुभव, तकनीक, शोध-अनुसंधान और नवाचारों से उत्तर प्रदेश को अत्यंत लाभ होगा.

प्रदेश की 25 सेक्टोरल नीतियों की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "इंडस्ट्री की जरूरत और अपेक्षाओं का ध्यान रखते हुए हमने अपनी नीतियां तैयार की हैं. प्रदेश में विशाल लैंडबैंक और ओपन पॉवर एक्सेस है. यहां निवेशकों का हित सुरक्षित है. सरकार की ओर से महिंद्रा ग्रुप को यह सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी."
 
मुख्यमंत्री की औद्योगिक विकास नीतियों को उद्योग जगत के लिए उत्साहवर्धक बताते हुए उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की बेहतर कानून-व्यवस्था, व्यावहारिक सेक्टोरल नीतियां, सरल प्रणाली और बड़ी आबादी महिंद्रा समूह के लिए निवेश अनुकूल अवसर बनाते हैं. देश के सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश के विकास में सहायक बनने के लिए समूह उत्साहित है. 
 
उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने कहा कि बीते 05 जनवरी को मुम्बई (महाराष्ट्र) में मुख्यमंत्री के साथ हुई विशेष बैठक में समूह की ओर से निवेश प्रस्तावों पर विमर्श किया गया था. समूह उन सभी प्रस्तावों पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर रहा है. सीएम के मार्गदर्शन में उन सभी प्रस्तावों को चरणबद्ध ढंग से लागू किया जाएगा.
 
महिंद्रा समूह के अध्यक्ष ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाओं को प्रोत्साहित करते हुए पर्यटन स्थलों पर क्लब महिंद्रा का विस्तार किया जाएगा. इससे पर्यटकों को सहायता मिलेगी और रोजगार के नए साधन भी सृजित होंगे. कृषि क्षेत्र में तकनीक के समावेश के प्रयासों को बढ़ाते हुए महिंद्रा समूह फॉर्म मशीनों का निर्माण करने के लिए उत्तर प्रदेश में इकाई स्थापित करने की इच्छुक है. 
 उत्तर प्रदेश की इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल नीति को उत्साहवर्धक बताते हुए आनंद महिंद्रा ने कहा कि महिंद्रा समूह ईवी सेक्टर में बड़े निवेश की योजना पर काम कर रहा है. इस दृष्टि से उत्तर प्रदेश हमारी पहली पसंद है. इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जा रही है.

ये भी पढ़ें-



from NDTV India - India https://ift.tt/FZC3VwP

No comments