Breaking News

विमान में सवार भारतीय ने सपने में भगवान पशुपतिनाथ को देखा था: नेपाली मित्र ने किया याद 

नेपाल में हादसे का शिकार हुए येति एयरलाइन के विमान में सवार पांच में से एक भारतीय ने सपने में भगवान पशुपतिनाथ को देखा था और इसी कारण वह दर्शन/पूजन के लिए काठमांडू आया था. भारतीय नागरिक के नेपाली मित्र ने सोमवार को यह बात बताई है.

भारत-नेपाल की सीमा पर स्थित सरलाही जिले के रहने वाले अजय शाह (26) ने बताया कि हनीमून के बाद भारत से काठमांडू लौटते समय उनकी दोस्ती चार भारतीय नागरिकों से हुई थी. अधिकारियों ने बताया कि येति एयरलाइन के विमान में पांच भारतीय अभिषेक कुशवाहा (25), विशाल शर्मा (22), अनिल कुमार राजभर (27) सोनू जायसवाल (35) और संजय जायसवाल सवार थे. ये सभी उत्तर प्रदेश के निवासी थे.

अजय शाह ने कहा कि विमान हादसे की खबर सुनकर उन्हें बहुत सदमा लगा और उन्हें अचानक याद आया कि कैसे उन्होंने चारों भारतीय नागरिकों के लिए नेपाली रुपये और हवाई टिकट आदि का इंतजाम किया था और रविवार को उन्हें हवाई अड्डे भी छोड़ा था.

अजय शाह, ‘‘मेरी पत्नी और मैं, उन चारों भारतीयों के साथ बीरगंज से काठमांडू आते हुए उसी वाहन में थे. सिर्फ दो दिनों में हम अच्छे दोस्त बन गए थे.'' उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के रहने वाले जायसवाल ने शाह को बताया था कि उन्होंने भगवान पशुपतिनाथ को सपने में देखा था और इसी कारण वह काठमांडू दर्शन को आए हैं. काठमांडू पहुंचने पर शाह उन्हें पशुपतिनाथ मंदिर, स्वयंभूनाथ स्तूप और भृकुटी मंडप में फन पार्क लेकर गए.

शाह ने बताया, पहले उनकी योजना बर्फबारी देखने के लिए कालिनचौक जाने की थी, लेकिन बाद में पैराग्लाइडिंग करने और पहाड़ देखने के लिए वे पोखरा चले गए. 

ये भी पढ़ें:- 
BJP की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक : पहले दिन आगामी चुनाव जीतने से लेकर इन मुद्दों पर हुई चर्चा, 10 बातें
Video Viral: सड़क किनारे कुत्ते को खाना खिला रही थी युवती, तेज रफ्तार SUV ने मारी टक्कर



from NDTV India - India https://ift.tt/XsE9bHM

No comments