गुरुग्राम : उद्योगपति को हत्या की धमकी देने व रंगदारी की मांग करने वाला व्यक्ति गिरफ्तार
हरियाणा के गुरुग्राम में एक उद्योगपति को जान से मारने की धमकी देने और रंगदारी की मांग करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपी की पहचान संदीप त्यागी उर्फ जितेंद्र (32) के तौर पर हुई है. पुलिस के मुताबिक, उसने उद्योगपति के यहां सेक्टर 14 में स्थित घर पर 11 जनवरी को एक पत्र रखा था, जिसमें एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और पैसे न देने पर उनकी हत्या करने की धमकी दी गई थी.
उसने कहा कि त्यागी उद्योगपति का पूर्व चालक है और उसने अपना कर्ज़ चुकाने के लिए उनसे पैसों की उगाही करने की साज़िश रची थी. पुलिस ने कहा कि पत्र में आरोपी ने खुद को बवाना गिरोह का 'पहलवान' बताया और उद्योगपति को धमकी दी कि अगर उन्होंने पैसे नहीं दिए तो उन्हें और उनके परिवार के सदस्यों की हत्या कर दी जाएगी. पुलिस ने कहा कि इस संबंध में सेक्टर 14 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और रविवार देर रात त्यागी को गिरफ्तार कर लिया गया.
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) प्रीतपाल सिंह सांगवान ने कहा, “आरोपी ने कर्ज चुकाने के लिए रंगदारी मांगने की योजना बनाई थी. दरवाज़े पर पत्र फेंकने के बाद आरोपी लगातार उद्योगपति से बात करता रहा और पैसे पहुंचाने के लिए लीजर वैली पार्क, सुखराली जैसे कई स्थानों के नाम भी बताए. आखिरकार उसे हमारी टीम ने पकड़ लिया.” पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसे शहर की एक अदालत में पेश किया गया, जिसने उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया.
ये भी पढ़ें-
- धंसते जोशीमठ मामले में सुप्रीम कोर्ट का दखल देने से इंकार, उत्तराखंड हाई कोर्ट का रुख करने को कहा
- "उपराज्यपाल कोई हमारे प्रधानाध्यापक नहीं, जो हमारा होमवर्क जांचेंगे...": CM अरविंद केजरीवाल
- नेपाल विमान हादसा: को-पायलट अंजू के पति की 16 साल पहले इसी एयरलाइन के प्लेन क्रैश में गई थी जान
from NDTV India - India https://ift.tt/zwN2Kmj
No comments