Breaking News

गणतंत्र दिवस पर दिल्ली के ये रास्ते रहेंगे बंद, मेट्रो भी होगी प्रभावित, दिल्‍ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी

दिल्‍ली में 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की परेड की तैयारियों के बीच दिल्‍ली पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है. एडवाइजरी में कुछ सड़कों के बंद रहने और मेट्रो के प्रभावित होने की भी जानकारी दी गई है. दिल्ली यातायात पुलिस ने रेलवे स्टेशनों, आईएसबीटी और हवाई अड्डे जाने वाले यात्रियों को इन मार्गों पर निकलने के लिए पर्याप्त समय निकालकर जाने की सलाह दी है. दिल्ली में 26 जनवरी को विजय चौक से गणतंत्र दिवस परेड की शुरुआत होगी और यह परेड कर्तव्य पथ-इंडिया गेट-प्रिंसेस प्लेस गोल चक्कर-तिलक मार्ग से आगे बहादुर शाह जफर मार्ग-दिल्ली गेट-नेताजी सुभाष मार्ग से होकर लाल किला पहुंचेगी. 

दिल्‍ली पुलिस की एडवाइजरी में बताया गया है कि कर्तव्य पथ-इंडिया गेट-प्रिंसेस प्लेस गोल चक्कर-तिलक मार्ग से आगे बहादुर शाह जफर मार्ग-दिल्ली गेट-नेताजी सुभाष मार्ग पर सुबह चार बजे से ही बसों की आवाजाही बंद रहेगी. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के निर्देश के अनुसार दिल्ली परिवहन निगम ने बसों के सुचारू संचालन के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए हैं. इसके तहत विजय पथ, विजय चौक, कर्तव्य पथ, इंडिया गेट, तिलक ब्रिज क्षेत्र में वाहनों को सुबह चार बजे से दूसरे रास्तों पर डायवर्ट किया जाएगा. वहीं डीटीसी बसों के 13 मार्ग परिवर्तित किए गए हैं. 

ये रूट होंगे डायवर्ट

  • उत्तर-दक्षिण गलियारा: रिंग रोड-आश्रम चौक-सराय काले खां-आईपी फ्लाईओवर-राज घाट-रिंग रोड. इसके अलावा, यात्री मदरसा, लोधी रोड टी-प्वाइंट से अरबिंदो मार्ग, एम्स चौक, रिंग रोड-धौला कुआं वंदे मातरम मार्ग, शंकर रोड-पार्क स्ट्रीट या मंदिर मार्ग जा सकते हैं.
  • पूर्व-पश्चिम गलियारा: रिंग रोड-भैरों रोड-मथुरा रोड-सुब्रमण्यम भारती मार्ग-राजेश पायलट मार्ग-पृथ्वी राज रोड-सफदरजंग रोड-कमल अतातुर्क मार्ग-पंचशील मार्ग-सिमो बोलिवर मार्ग-अपर रिज रोड/वंदे मातरम मार्ग.
  • दक्षिण दिल्ली से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले यात्री धौला कुआं, वंदे मातरम मार्ग, पंचकुइयां रोड, कनॉट प्लेस आउटर सर्कल, चेम्सफोर्ड रोड से पहाड़गंज या मिंटो रोड और भवभूति मार्ग से अजमेरी गेट की ओर जा सकते हैं.
  • पूर्वी दिल्ली से आने वाले लोग आईएसबीटी ब्रिज, रानी झांसी फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, डीबी गुप्ता रोड, शीला सिनेमा रोड, पहाड़गंज ब्रिज होते हुए बुलेवार्ड रोड से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंच सकते हैं.
  • दक्षिण दिल्ली से पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए लोग रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, राज घाट, यमुना बाजार चौक, एसपी मुखर्जी मार्ग, छत्ता रेल और कौड़िया ब्रिज का रास्ता अपना सकते हैं.
  • एडवाइजरी में आगे कहा गया है कि पैरा-ग्लाइडर, पैरा-मोटर, हैंग ग्लाइडर, यूएवी, यूएएस, माइक्रोलाइट विमान, गर्म हवा के गुब्बारे, छोटे संचालित विमान, क्वाडकॉप्टर या विमान द्वारा पैरा-जंपिंग 15 फरवरी तक दिल्ली में प्रतिबंधित है.

मेट्रो पर पड़ेगा ये प्रभाव
गणतंत्र दिवस पर मेट्रो सेवा यात्रियों के लिए उपलब्‍ध रहेगी. सभी मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों के लिए उपलब्ध रहेगी. हालांकि, केंद्रीय सचिवालय और उद्योग भवन मेट्रो स्टेशनों पर बोर्डिंग/डी-बोर्डिंग केवल आमंत्रित या टिकट धारकों को सुबह 5 बजे से दोपहर 2 बजे तक करने की अनुमति होगी. वहीं, डीएमआरसी ने बताया है कि 25 जनवरी सुबह छह बजे से लेकर 26 जनवरी दोपहर दो बजे तक गणतंत्र दिवस में सुरक्षा व्यवस्था के चलते मेट्रो स्टेशनों की पार्किंग बंद रहेगी. डीएमआरसी ने कहा है कि जो लोग 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर जश्न का हिस्सा बनने के लिए जाएंगे, उन्हें मेट्रो में फ्री राइड करने को मौका मिलेगा.

एडवाइजरी में कहा गया है कि अपने वाहनों को केवल तय स्थानों पर ही पार्क करें और सड़क के किनारे पार्किंग से बचें. यदि कोई असामान्य/अज्ञात वस्तु या व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में देखी जाती है, तो इसकी जानकारी पुलिस को दी जानी चाहिए. 



from NDTV India - India https://ift.tt/QJMLuOd

No comments