Breaking News

भारत आज मना रहा 74वां गणतंत्र दिवस, कर्तव्य पथ पर पहली बार होगी परेड; जानें खास बातें

भारत आज अपना 74वां गणतंत्र दिवस मना रहा है. 'गणतंत्र दिवस' (Republic Day Parade 2023) के मौके पर दिल्ली के कर्तव्य पथ (राजपथ) पर भव्य परेड देखने को मिलेगा. गणतंत्र दिवस की परेड गुरुवार सुबह 9 बजे से शुरू होगी. गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि इस बार मिस्त्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल-सिसी हैं. आइए जानते हैं समारोह से जुड़ी जरूरी बातें...

गणतंत्र दिवस परेड की कितनी है टिकट?
गणतंत्र दिवस परेड के लिए टिकट ₹20, ₹100 और ₹500 में उपलब्ध हैं जबकि 28 जनवरी को होने वाली बीटिंग रिट्रीट (फुल डे रिहर्सल) के लिए टिकट की कीमत ₹20 है. गणतंत्र दिवस समारोह के लिए सुरक्षा व्यवस्था के चलते चार मेट्रो स्टेशन -केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन, पटेल चौक और लोक कल्याण मार्ग- सुबह के समय बंद रहेंगे.

इस बार दिखेंगी कितनी झांकियां?
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, 26 जनवरी को भारत की जीवंत सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत, आर्थिक और सामाजिक प्रगति को दिखाने वाली 23 झांकियां परेड में हिस्सा लेंगी. इन सभी झांकियों में से 17 झांकियां अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की होंगी. जबकि 6 झांकियां अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों की देखने को मिलेंगी. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने जानकारी दी कि गृह मंत्रालय की दो झांकियों का प्रदर्शन होगा. इनमें नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) की एक-एक झांकी होगी.

स्वदेशी हथियारों का होगा डिस्प्ले 
इस गणतंत्र दिवस की परेड में सिर्फ मेड इन इंडिया यानी स्वदेशी हथियारों का डिस्प्ले होगा. यहां तक की एम्युनिशन भी स्वदेशी होंगे. भारत में बनी 105 एमएम इंडियन फील्ड गन से 21 तोपों की सलामी दी जाएगी. नए भर्ते हुए अग्निवीर भी परेड का हिस्सा बनेंगे. वहीं, बीएसएफ की कैमल कंटिन्जेंट के हिस्से के तौर पर महिला सैनिक भाग लेंगी और नौसेना के कंटिन्जेंट के 144 सैनिकों की लीडर भी महिला होगी.
परेड में K-9 वज्र हॉविट्जर्स, MBT अर्जुन, नाग एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल, ब्रह्मोस सुपरसॉनिक क्रूज मिसाइल, आकाश एयर डिफेंस मिसाइल और क्विक रिएक्शन फाइटिंग व्हीकल्स शामिल होंगे.

लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर भी भरेगा हुंकार
देश में बना लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर प्रचंड भी एयरफोर्स के प्लाईपास्ट का हिस्सा बनेगा. वहीं, एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर ध्रुव और एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर रुद्र भी डिस्प्ले का हिस्सा होंगे. प्रचंड फॉर्मेशन में एक लाइट कॉम्बैट हेलिकॉप्टर लीड करेगा, जबकि दो अपाचे हेलिकॉप्टर और दो एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर MK-IV एयरक्राफ्ट उसके पीछे तीर फॉर्मेशन में रहेंगे. 

‘डेयरडेविल्स' की टीम को महिला अफसर करेंगी लीड
बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के कैमल कंटिन्जेंट में पहली बार महिलाओं को शामिल किया गया है. वहीं, सिग्नल कोर के मोटर साइकिल राइडर्स ‘डेयरडेविल्स' की टीम को एक महिला अफसर भी लीड करेगी. यह भी पहली बार होगा.

रेल मंत्रालय की झांकी नहीं दिखेगी.
केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की भी झांकी कर्तव्य पथ पर देखने को मिलेगी, जो आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के अंदर आता है. हालांकि इस साल की गणतंत्र दिवस परेड में आपको रेल मंत्रालय की झांकी देखने को नहीं मिलेगी. 

ये भी पढ़ें:-

दिल्ली में गणतंत्र दिवस के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था

Republic Day 2023: कर्तव्य पथ पर 10:6 मिनट से कार्यक्रम की होगी शुरुआत, जानें परेड की टाइमिंग



from NDTV India - India https://ift.tt/bf6GmoA

No comments