Breaking News

दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक रहेंगे बादल, कश्मीर के कई हिस्सों में बर्फबारी जारी

दिल्ली में अगले कुछ दिन भी बादल छाए रहने की संभावना है. राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस महीने अब तक का सर्वाधिक है. मौसम विभाग ने यह जानकारी दी. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के बुलेटिन के अनुसार, अधिकतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है.

दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब

आईएमडी ने कहा कि नये पश्चिमी विक्षोभ के चलते 29 जनवरी को दिल्ली में हल्की बारिश हो सकती है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में संपूर्ण वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 297 दर्ज किया गया. शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा', 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक', 101 से 200 के बीच ‘मध्यम', 201 से 300 के बीच ‘खराब', 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब' और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर' माना जाता है. स्काईमेट वेदर सर्विसेज के महेश पालवत ने कहा कि अगले दो दिनों में दिल्ली के न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है.

न्यूनतम तापमान में वृद्धि

कश्मीर के कई हिस्सों में बर्फबारी जारी है. घाटी में बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है. मौसम विभाग के अधिकारियों ने यह जानकारी दी. हालांकि, गुलमर्ग में तापमान शून्य से नीचे बना रहा. कश्मीर के कई स्थानों विशेषकर दक्षिणी जिलों में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई. मौसम कार्यालय ने पूर्वानुमान जताया है कि शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है. बर्फबारी और बादल छाए रहने से घाटी के अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है. अधिकारियों ने कहा कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पहले के 0.0 डिग्री से अधिक है. अधिकारियों ने कहा कि कश्मीर घाटी के प्रवेश द्वार काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया. वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर पहलगाम का न्यूनतम तापमान शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया.

यह भी पढ़ें-

विवाद और प्रतिबंध के बीच केरल में कांग्रेस ने की PM मोदी पर BBC डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग

सरस्वती पूजा में साथ दिखे राज्‍यपाल और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी तो BJP ने दी ये प्रतिक्रिया...



from NDTV India - India https://ift.tt/v1TOsZc

No comments