Ind vs Eng : भारतीय महिला टीम ने दूसरा टी20 और सीरीज गंवाई
भारतीय महिला क्रिकेट टीम को गुरुवार को गुवाहाटी में दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में इंग्लैंड की महिला टीम के खिलाफ पांच विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा. इस जीत से मेहमान टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की विजयी बढ़त बना ली. इंग्लैंड की खिलाड़ियों ने एक बार फिर बल्ले और गेंद दोनों से शानदार प्रदर्शन किया. पहले उसकी गेंदबाजों ने भारत को बड़ा स्कोर नहीं करने दिया और 20 ओवरों में आठ विकेट के नुकसान पर 111 रनों पर रोक दिया. आसान लक्ष्य को इंग्लैंड ने 19.1 ओवरों में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया. सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच गुवाहाटी में ही शनिवार को खेला जाएगा. इंग्लैंड के लिए आधे से ज्यादा रन तो सलामी बल्लेबाज डेनियल वॉट ने बनाए. वॉट ने 55 गेंदों पर छह चौकों की मदद से 64 रनों की पारी खेली जिसमें छह चौके शामिल थे. उनके अलावा इंग्लैंड के लिए लॉरा विनफील्ड ने 23 गेंदों पर चार चौकों की मदद से 29 रन अपने खाते में डाले. इंग्लैंड की यही दो बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा छू सकीं. भारत ने एक समय इंग्लैंड का स्कोर 56 रनों पर चार विकेट कर दिया था. टेमी ब्यूमोंट आठ, एमी जोंस पांच, नताली स्काइवर एक और कप्तीन हीथर नाइट दो रन ही बना सकीं. वॉट और विनफील्ड ने पांचवें विकेट के लिए 47 रन जोड़ टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया. भारत के लिए एकता बिष्ट ने दो विकेट झटके. इससे पहले, इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला लिया. भारत को अच्छी शुरुआत मिली. हरलीन देयोल ने पांच गेंदों पर दो चौकों की मदद से 12 रन बनाए. वहीं कप्तान स्मृति मंधाना ने 14 रनों का योगदान दिया. मंधाना के रूप में भारत ने तीसरे ओवर की तीसरी गेंद पर अपना पहला विकेट खोया. उन्हें कैथरीन ब्रंट ने आउट किया. जेमिमा रॉड्रिग्स (2) को ब्रंट ने अपना दूसरा शिकार बनाया. देयोल को लिंसे स्मिथ ने पवेलियन भेजा. भारत ने 34 के स्कोर पर तीन विकेट खो दिए थे. अनुभवी मिताली राज (20) ने दीप्ति शर्मा (18) के साथ मिलकर टीम को कठिन परिस्थति से निकालने की कोशिश की. दोनों ने 35 रन ही जोड़े थे कि दीप्ति के रन आउट होने से साझेदारी टूट गई. कैट क्रॉस ने मिताली को 82 के कुल स्कोर पर पवेलियन भेज भारत को परेशानी में डाल दिया. अंत में अपना पहला टी-20 मैच खेल रहीं भारती फुलमाली ने 18 रन बनाकर टीम को 100 के पार पहुंचाया. राधा यादव तीन और एकता बिष्ट दो रन बनाकर नाबाद रहीं. इंग्लैंड के लिए ब्रंट ने तीन विकेट चटकाए जबकि स्मिथ ने विकेट हासिल किए.
from Latest News अभी अभी Firstpost Hindi https://ift.tt/2tSEqCX
from Latest News अभी अभी Firstpost Hindi https://ift.tt/2tSEqCX
No comments