Breaking News

All England championship 2019 : सायना नेहवाल और किदांबी श्रीकांत दूसरे दौर में

भारत की सायना नेहवाल और किदांबी श्रीकांत ने बर्मिंघम में ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में सीधे सेटों में जीत दर्ज करते हुए महिला और पुरुष सिंगल्स के दूसरे दौर में प्रवेश किया. पूर्व उप विजेता सायना ने बुधवार रात स्कॉटलैंड की क्रिस्टी गिल्मोर को 35 मिनट में 21-17, 21-18 से हराया जबकि श्रीकांत ने फ्रांस के ब्राइस लेवरडेज को एकतरफा मुकाबले में 21-13, 21-11 से शिकस्त दी. अगले दौर में सायना का सामना डेनमार्क की लाइन होमार्क जार्सफेल्ट से होगा, जबकि श्रीकांत एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता जोनाथन क्रिस्टी से भिड़ेंगे. पूर्व ओलंपिक कांस्य पदक विजेता सायना ने पहले दौर का मुकाबला जीतने के बाद कहा, ‘मैंने इसका काफी लुत्फ उठाया, यह ऐसी चीज है जिस पर सभी खिलाड़ियों की नजर रहती है और नियमित सुपर सीरीज प्रतियोगिता की तुलना में यहां अधिक कड़ी चुनौती होती है. सभी इस ट्रॉफी को जीतना चाहते हैं लेकिन जैसा कि मैंने कहा, अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए आपको अपना सर्वश्रेष्ठ खेल दिखाना होगा और आप अपने ऊपर दबाव नहीं बना सकते कि यह आपके पास होना ही चाहिए.’ बी साई प्रणीत भी दूसरे दौर में जगह बनाने में सफल रहे और उनका सामना हांगकांग के एनजी का लोंग एंगस से होगा. समीर वर्मा को पहला गेम जीतने के बावजूद पूर्व विश्व चैंपियन और दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसेन के खिलाफ 21-16, 18-21, 14-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा. अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की महिला डबल्स जोड़ी को भी शिहो तनाका और कोहारू योनेमोतो की जापान की सातवीं वरीय जोड़ी के खिलाफ कड़ी चुनौती पेश करने के बावजूद 21-16, 26-28, 16-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी. सिक्की और चोट के बाद वापसी कर रहे प्रणव जैरी चोपड़ा की मिक्स्ड डबल्स जोड़ी को भी चांग टेक चिंग और एनजी विंग युंग की हांगकांग की जोड़ी के खिलाफ 21-23, 17-21 से हार का सामना करना पड़ा. मनु अत्री और बी सुमित रेड्डी की जोड़ी भी ओयु शुआन्यी और रेन शियांग्यु की चीन की जोड़ी के खिलाफ 19-21, 21-16, 14-21 से हार गईं.

from Latest News अभी अभी Firstpost Hindi https://ift.tt/2HkBGGA

No comments