PM मोदी अरुणाचल को देंगे पहला एयरपोर्ट, करेंगे कई अहम परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को अरुणाचल प्रदेश के दौरे पर पूर्वोत्तर राज्य में कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे और कई अहम परियोजनाओं की नींव रखेंगे. अधिकारियों ने बताया कि पीएम मोदी का ईटानगर के समीप होल्लोंगी में ग्रीन फील्ड हवाईअड्डे की नींव रखने का कार्यक्रम है. राज्य में महत्वाकांक्षी हवाईअड्डा परियोजना स्थान के चयन को लेकर विवादों के कारण कई वर्षों से लंबित रही. अरुणाचल प्रदेश देश में इकलौता राज्य है जहां कोई हवाईअड्डा नहीं है. शुरुआत में कारसिंगसा को हवाईअड्डे के लिए चुना गया था, लेकिन तकनीकी वजहों से नागरिक उड्डयन महानिदेशक और भारतीय हवाईअड्डा प्राधिकरण ने राज्य सरकार से कोई अन्य स्थान ढूंढने के लिए कहा था. प्रधानमंत्री राज्य में 110 मेगावाट की हाइड्रो इलेक्ट्रिक परियोजना, दूरदर्शन के अरुण प्रभा चैनल और 50 स्वास्थ्य केंद्रों के अलावा लोहित जिले के तेजू में एक रेट्रोफिटिड हवाईअड्डे का भी उद्घाटन करेंगे. अधिकारियों ने बताया कि मोदी ईटानगर के समीप जोट में फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान और सात इलेक्ट्रिक सब स्टेशनों की नींव भी रखेंगे. वह सेला सुरंग की नींव भी रखेंगे. साथ ही सौभाग्य योजना के तहत राज्य में 100 फीसदी घरों में बिजली पहुंचने की घोषणा भी करेंगे. अधिकारियों ने बताया कि सभी उद्घाटन और नींव रखने के कार्यक्रम इंदिरा गांधी पार्क में आयोजित होंगे. इसके बाद ईटानगर से मोदी का असम और त्रिपुरा जाने का कार्यक्रम है. डीजीपी एस बी के सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर राजधानी में सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं. राज्य पुलिस के अलावा केंद्रीय अर्द्धसैन्य बलों के बड़े दलों ने बुधवार से राजधानी ईटानगर में सुरक्षा जाल बिछाया है और अवांछित तत्वों को प्रवेश से रोकने के लिए सभी जांच चौकियों पर आगंतुकों की व्यापक तलाशी ली जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने उप मुख्यमंत्री चौवना मीन के साथ बुधवार को आईजी पार्क में बंदोबस्त का जायजा भी लिया है.
from Latest News अभी अभी Firstpost Hindi http://bit.ly/2GcrJet
from Latest News अभी अभी Firstpost Hindi http://bit.ly/2GcrJet
No comments