'पर्रिकर ने साफ कहा कि उनका नई राफेल डील से कोई लेना-देना नहीं'
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने राफेल सौदे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए दावा किया कि पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने स्पष्ट रूप से कहा था कि 'नए सौदे' से उनका कोई लेना-देना नहीं है. कोच्चि में कांग्रेस अध्यक्ष ने बूथ स्तरीय पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक में कहा, 'दोस्तों, पूर्व रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा है कि नए सौदे से उनका कोई लेना-देना नहीं है, जिसे नरेंद्र मोदी ने अनिल अंबानी के फायदे के लिए किया.' इससे पहले राहुल ने पणजी में राज्य सचिवालय परिसर में गोवा के मुख्यमंत्री पर्रिकर से मुलाकात भी की थी. बहरहाल, कांग्रेस अध्यक्ष ने ये स्पष्ट नहीं किया कि पर्रिकर के साथ बैठक के दौरान क्या इस मुद्दे पर चर्चा हुई. पर्रिकर आंत संबंधी (पैनक्रिएटिक कैंसर) बीमारी से ग्रस्त हैं. 'गोवा ऑडियो टेप' को वास्तविक बताने के एक दिन बाद राहुल ने ये आरोप लगाए हैं. कांग्रेस ने इस टेप के जरिए राफेल मुद्दे पर केंद्र सरकार पर हमला किया था. दरअसल, इस टेप में दावा किया गया कि है कि पर्रिकर के पास 'गोपनीय जानकारी' है. राफेल सौदे में मोदी के खिलाफ आरोपों को दोहराते हुए राहुल ने कहा कि उन्होंने लोगों से 30 हजार करोड़ रुपए छीन कर अपने दोस्त अनिल अंबानी को दे दिए. उन्होंने पूछा, 'जब एक विमान (राफेल) की कीमत 526 करोड़ रुपए थी तो फिर उसे 1,600 करोड़ रुपए में क्यों खरीदा गया?' उन्होंने कहा, 'देश के युवकों, केरल के युवकों को केवल एक जवाब मिलेगा और वह जवाब है... भारत का प्रधानमंत्री भ्रष्ट है.' सीबीआई प्रमुख (आलोक वर्मा) को उच्चतम न्यायालय द्वारा बहाल किए जाने के बावजूद उन्हें पद से हटाए जाने पर राहुल ने सवाल उठाया और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने खुद को बचाने के लिए और यह सुनिश्चित करने के लिए ऐसा किया कि राफेल सौदे में उनके खिलाफ कोई जांच नहीं हो. उन्होंने कहा कि फ्रांस के पूर्व राष्ट्रपति ने प्रेस से स्पष्ट रूप से यह क्यों कहा कि उन्हें भारत के प्रधानमंत्री ने राफेल अनुबंध अनिल अंबानी को देने को कहा है. राहुल ने कहा कि हजारों युवक जिन्हें एचएएल में मोटी पगार वाली नौकरियां मिलती, उनके हाथ से यह अवसर अब चला गया.
from Latest News अभी अभी Firstpost Hindi http://bit.ly/2G9PFya
from Latest News अभी अभी Firstpost Hindi http://bit.ly/2G9PFya
No comments