Breaking News

कर्नाटक में 5 साल की बच्‍ची से रेप की कोशिश और फिर हत्‍या, पुलिस ने आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया

कर्नाटक के हुबली में कथित तौर पर पांच साल की बच्ची का अपहरण कर उसकी हत्या करने वाले व्यक्ति को पुलिस के साथ मुठभेड़ में मार गिराया गया है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के दौरान एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया. अधिकारियों ने बताया कि 35 साल के आरोपी नितेश कुमार को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम पहुंची तो आरोपी ने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया. चेतावनी में गोली चलाने के बावजूद आरोपी ने भागने की कोशिश की. राज्‍य सरकार ने बच्‍ची के परिवार को 10 लाख रुपये की राशि देने का ऐलान किया. 

आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (POCSO) अधिनियम के तहत हत्या के साथ-साथ रेप का भी मामला दर्ज है. 

पटना का रहने वाला था आरोपी

हुबली के पुलिस प्रमुख शशि कुमार ने कहा, "नितेश कुमार का होमटाउन बिहार का पटना है. पुलिस टीम उसकी पहचान का पता लगाने के लिए उसके रहने के स्थान पर ले जा रही थी, उसी वक्त उसने टीम पर हमला कर दिया." 

हुबली पुलिस प्रमुख ने कहा, "इस दौरान उसने एक पुलिस वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया... इस बीच एक पुलिस अधिकारी ने हवा में गोली चलाई, लेकिन उसने भागने की कोशिश की. उस पर दो और राउंड फायर किए गए. उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया."

सब-इंस्पेक्टर अन्नपूर्णा ने आरोपी पर दो राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद महिला पुलिस अधिकारी और पुलिस की टीम ने उसे फिर से पकड़ लिया. 

अपहरण-हत्‍या से स्‍थानीय लोग नाराज

नितेश कुमार के बच्‍ची के अपहरण और हत्‍या मामले में स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है. बड़ी संख्या में निवासी हुबली के अशोक नगर पुलिस स्टेशन के सामने न्याय की मांग करते हुए एकत्र हुए थे. 

पीड़िता का परिवार कोप्पल जिले का है. उसकी मां एक हाउस हेल्पर और ब्यूटी पार्लर सहायक के रूप में काम करती है, जबकि उसके पिता एक पेंटर के रूप में काम करते हैं. 

पास की इमारत हुआ था बच्‍ची का शव

पुलिस के मुताबिक, बच्ची की मां सुबह उसे अपने साथ काम पर ले गई थी. वह घटनास्थल के पास के घरों में काम करती है. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति लड़की को वहां से ले गया. कुछ समय बाद बच्ची लापता हो गई. परिवार ने उसकी तलाश शुरू की और आखिरकार उसे पास की ही एक खाली पड़ी इमारत में पाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. 

संदिग्ध तक पहुंचने से पहले पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली. 



from NDTV India - India https://ift.tt/ORe6389

No comments