Breaking News

अमित शाह दो दिवसीय बिहार दौरे पर पटना पहुंचे, ढोल-नगाड़ों के बीच हुआ स्वागत

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह दो दिवसीय बिहार दौरे पर शनिवार देर शाम पटना पहुंचे. पटना हवाई अड्डे पर भाजपा के कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े के साथ उनका स्वागत किया. भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आगमन के पहले ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का हुजूम पटना हवाई अड्डा पहुंच चुका था. उनके हवाई अड्डे पर उतरने के बाद प्रदेश भाजपा के कई बड़े नेताओं ने उनका स्वागत किया. भाजपा कार्यालय से लेकर पूरे शहर को पोस्टर, बैनर और झंडों से सजाया गया है. उनके स्वागत को लेकर कई जगह तोरण द्वार लगाए गए हैं.

अमित शाह पटना भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, विधायक, सांसद, विधान पार्षद, राज्य और केंद्र सरकार में शामिल मंत्रियों के साथ बैठक की. इसके बाद पार्टी के प्रमुख नेताओं के साथ कोर कमेटी की भी बैठक की. 

गोपालगंज में चुनावी सभा करेंगे शाह

अपने बिहार दौरे के दूसरे दिन अमित शाह राजद प्रमुख लालू यादव के गढ़ और गृह जिला गोपालगंज में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे. वह सहकारिता विभाग के एक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे और बिहार को करोड़ों रुपये की सौगात देंगे.

इस दौरान उनका मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात का कार्यक्रम है. वह एनडीए नेताओं के साथ बैठक करेंगे और इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे.

सम्राट चौधरी ने किया स्‍वागत

प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिए उनके स्वागत की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, "मगध की महान भूमि पर आदरणीय अमित शाह का अभिनंदन. भारत के यशस्वी गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का आज मगध की गौरवशाली एवं ऐतिहासिक धरती पर अंगवस्त्र भेंटकर हार्दिक स्वागत, सादर वंदन एवं अभिनंदन किया."
 



from NDTV India - India https://ift.tt/1GH9L08

No comments