Breaking News

संडे को एक और क्रिकेट मैच, चीफ जस्टिस और सॉलिसिटर जनरल की टीमों का होगा आमना-सामना

एक तरफ रविवार 23 फरवरी को दुबई में भारत की टीम पाकिस्तान से भिड़ रही होगी तो ठीक उसी समय हजारों किलोमीटर दूर दिल्ली में भी 'मैन इन ब्लू' टीम दूसरी टीम से क्रिकेट T-20 खेल रही होगी. ठीक भारतीय टीम जैसी ड्रेस में दुधिया रोशनी में खेलने वाली टीम वो होगी, जो अक्सर कोर्टरूम के भीतर अच्छे-अच्छों को गुगली पर बोल्ड करती है. ये टीम है CJI XI. CJI संजीव खन्ना की टीम में सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाईकोर्ट के जज होंगे. वहीं दूसरी टीम के कप्तान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता होंगे.

23 फरवरी को ये मैच अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में फ्लड लाइट्स में खेला जाएगा और इसका सीधा प्रसारण भी किया जाएगा.

इस मैच के लिए BCCI और DDCA ने विशेष अनुमति दी है. इस पहले टी-20 लीग का आयोजन सुप्रीम कोर्ट एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड्स एसोसिएशन (SCAORA) कर रही है. SCAORA ने हाल ही में एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड्स (AOR) के लिए विशेष रूप से अपनी प्रतिष्ठित पहली 20 ओवर की सफेद गेंद सीमित क्रिकेट लीग की शुरुआत की है.

ये लीग सफेद गेंद और रंगीन कपड़ों के साथ फ्लड लाइट (दिन/रात) में खेला जाएगा.

SCORA के अध्यक्ष विपिन नैयर के मुताबिक, पहला मैच CJI  XI और SCAORA XI के बीच होगा. SCAORA XI की टीम में AOR,  वरिष्ठ वकीलों और DDCA अध्यक्ष  रोहन जेटली शामिल होंगे, जबकि SG तुषार मेहता नॉन- प्लेइंग कप्तान होंगे.

इस लीग में 8  टीमें हिस्सा लेंगी..इनमें वरिष्ठ वकील दम्मा शेषाद्री  नायडू, पीबी सुरेश, साजन पोवैया, देवदत्त कामत, विकास पाहवा, बड्डी रंगनाथन, सीतेश मुखर्जी और चिन्मय शर्मा की टीमें विशेष रूप से AOR से मिलकर बनी होंगी.

SCORA के उपाध्यक्ष अमित शर्मा के मुताबिक, इससे पहले पिछले साल गोवा में एक अंतर्राष्ट्रीय कानूनी सम्मेलन आयोजित किया गया था और इसी कड़ी में ये टी-20 लीग का आयोजन किया गया है. भविष्य में AOR के लिए सुप्रीम कोर्ट जज का लेक्चर जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. इसके लिए कोर टीम में SCORA के सचिव निखिल जैन और सहायक सचिव कौस्तभ शुक्ला भी शामिल हैं.



from NDTV India - India https://ift.tt/LACYpKH

No comments