खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर 400 से अधिक उड़ानों के परिचालन में देरी
घने कोहरे के कारण दृश्यता प्रभावित होने से शुक्रवार को दिल्ली हवाई अड्डे पर 400 से अधिक उड़ानों के परिचालन में देरी हुई. एक अधिकारी ने यह जानकारी दी. राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में घने कोहरे के कारण दृश्यता घटकर शून्य हो गई.
अधिकारी ने बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (आईजीआईए) पर 400 से अधिक उड़ानों के परिचालन में देरी हुई, लेकिन किसी उड़ान का मार्ग परिवर्तित नहीं किया गया. उड़ान ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार24डॉटकॉम पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हवाई अड्डे पर 470 उड़ानें विलंबित हुईं.
दिल्ली हवाई अड्डे पर कम दृश्यता अभी भी बनी हुई है. हालांकि, उड़ान परिचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है. दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (डीआईएएल) ने पूर्वाह्न 11 बजे ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यात्रियों से अनुरोध है कि वे उड़ान की अद्यतन जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें.''
एक अन्य पोस्ट में इसने सुबह 6.35 बजे कहा था कि दिल्ली हवाई अड्डे पर ‘लैंडिंग' और ‘टेकऑफ' जारी रहने के बावजूद, जो उड़ानें कैट-तृतीय के अनुरूप नहीं हैं, उन पर असर पड़ सकता है.''
कैट-तृतीय सुविधा, विमानों को कम दृश्यता की स्थिति में भी परिचालन को सुलभ करती है. इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा प्रतिदिन लगभग 1,300 उड़ानों का परिचालन करता है.
from NDTV India - India https://ift.tt/hR1srfT
No comments