Breaking News

गुजरात में कंप्यूटर ऑपरेटर की नौकरी से बचने के लिए युवक ने अपनी चार उंगलियां काट डालीं

गुजरात में एक व्यक्ति ने अपने रिश्तेदार की हीरा कंपनी में ‘कंप्यूटर ऑपरेटर' की नौकरी करने से बचने के लिए अपने बाएं हाथ की चार उंगलियां चाकू से काट लीं, ताकि वह इस नौकरी के लिए अयोग्य हो जाए.  सूरत पुलिस के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि 32 साल के मयूर ने पहले पुलिस को एक कहानी सुनाई थी कि वह सड़क के किनारे बेहोश होकर गिर गया था, जिसके बाद उसे अपनी उंगलियां कटी मिली थीं, हालांकि घटना की जांच करने पर पता चला कि उसने खुद ही चाकू से अपनी उंगलियां काटी थीं.

सूरत पुलिस की अपराध शाखा की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि मयूर ने खुद को इसलिए नुकसान पहुंचाया क्योंकि उसके पास इतनी हिम्मत नहीं थी कि वह अपने रिश्तेदार को यह बता सके कि वह वराछा मिनी बाजार स्थित कंपनी ‘अनभ जेम्स' में अब काम नहीं करना चाहता.

बयान में कहा गया कि पीड़ित इस कंपनी के लेखा विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के तौर पर काम करता था और उंगलियों के कट जाने से अब वह यह नौकरी करने में समर्थ नहीं है.

मयूर ने इससे पहले पुलिस को बताया था कि वह आठ दिसंबर को मोटरसाइकिल से अपने एक दोस्त के घर जा रहा था तभी उसे चक्कर आया और वह अमरोली में वेदांत सर्कल के पास रिंग रोड पर बेहोश हो गया. मयूर ने पुलिस को बताया कि जब 10 मिनट बाद उसे होश आया तो उसके बाएं हाथ की चार उंगलियां कटी हुई थीं.

इस घटना के संबंध में अमरोली पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया और सूरत पुलिस की अपराध शाखा को मामले की जांच सौंप दी गई. उसने सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के साथ-साथ तकनीकी निगरानी का भी उपयोग किया, जिसके बाद इस घटना में मयूर की संलिप्ता सामने आई.

अधिकारी ने बताया, ‘‘मयूर ने कबूल किया कि उसने सिंगनपुर में चार रास्ता के पास एक दुकान से एक धारदार चाकू खरीदा था. वह चार दिन बाद रविवार रात को अमरोली रिंग रोड पर गया और अपनी मोटरसाइकिल वहीं खड़ी कर दी. उसने रात करीब 10 बजे चाकू से चार उंगलियां काट लीं और खून बहने से रोकने के लिए उसने कोहनी के पास एक रस्सी बांध दी. फिर उसने चाकू और उंगलियों को एक बैग में डालकर फेंक दिया.''

अधिकारी ने बताया कि उसके दोस्त उसे अस्पताल ले गए. उन्होंने बताया कि एक बैग से उसकी तीन उंगलियां बरामद की गई हैं, जबकि एक अन्य बैग से चाकू बरामद किया गया. अधिकारी ने बताया कि अमरोली पुलिस मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें -

ठाणे में महिला अधिकारी की उंगलियां काट डाली, अतिक्रमण हटाने के दौरान अवैध फेरीवाले ने किया हमला



from NDTV India - India https://ift.tt/3Us7fFJ

No comments