Breaking News

रेल दुर्घटना की साजिश? कानपुर में ट्रैक पर रखे सिलेंडर से टकराई ट्रेन, संदिग्‍ध वस्‍तुएं बरामद

उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के कानपुर में एक बड़ा ट्रेन हादसा (Train Accident)  होते-होते बच गया. कानपुर में अनवरगंज-कासगंज रेलवे रूट पर देर शाम भिवानी जा रही कालिंदी एक्सप्रेस (Kalindi Express) जा रही थी. इस दौरान रेलवे ट्रैक पर सिलेंडर रखे जाने की बात सामने आ रही है. ट्रेन की स्‍पीड ज्‍यादा थी, जिसके कारण ट्रेन रुकने से पहले ही सिलेंडर से जा टकराई. पिछले महीने ही कानपुर में एक ट्रेन हादसा हुआ था, जिसे लेकर रेलवे सूत्रों ने साजिश की आशंका जताई थी. अब इस घटना के बाद एक बार फिर साजिश की आशंका जताई जा रही है. 

जानकारी के मुताबिक, कालिंदी एक्‍सप्रेस प्रयागराज से कानपुर सेंट्रल होते हुए भिवानी जा रही थी. शिवराजपुर के पास ट्रेन किसी लोहे की चीज से टकरा गई. ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका, लेकिन मौके पर कुछ नहीं मिला. इस घटना की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ की टीम जांच के लिए पहुंची.

आरपीएफ इंस्पेक्टर ओपी मीणा की टीम ने जांच के बाद करीब 200 मीटर दूर से सिलेंडर बरामद किया है. यह सिलेंडर भरा हुआ था.

Latest and Breaking News on NDTV

जांच में संदिग्‍ध वस्‍तुएं बरामद

इसके साथ ही आरपीएफ को जांच में अन्य संदिग्ध वस्तुएं भी बरामद हुई हैं. जांच में जिस जगह पर सिलेंडर मिला है, वहां एक बोतल में पीले रंग का एक पदार्थ भी बरामद हुआ है. साथ ही एक सफेद पाउडर जैसी चीज भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है. 

Latest and Breaking News on NDTV

रेलवे को बड़ी साजिश की आशंका! 

ट्रेन को थोड़ी देर के लिए रोका गया और मौके पर जांच की गई. इसके बाद ट्रेन को आगे जाने की अनुमति मिल गई. हालांकि रेलवे सूत्रों ने इस मामले में साजिश की आशंका जताई है. इस मामले की जांच जारी है. बताया जा रहा है कि ट्रैक पर लोहे की किसी भारी चीज के रगड़ने के भी निशान देखे गए हैं. मौके पर रेलवे के कई अधिकारी, आरपीएफ और पुलिस मौजूद हैं. 

Latest and Breaking News on NDTV

16 अगस्‍त को भी हुआ था हादसा 

अभी एक महीना भी नहीं हुआ जब कानपुर में एक ट्रेन हादसा हो चुका है. बीते 16 अगस्त को कानपुर-झांसी रूट पर रात करीब ढाई बजे साबरमती एक्सप्रेस के 20 डिब्बे और इंजन पटरी से उतर गए थे. हालांकि गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ और ना ही कोई घायल हुआ था. इस मामले में रेलवे सूत्रों ने साजिश की आशंका जताई थी और मामले की जांच चल ही रही है. इसी बीच जिस तरह से रेलवे ट्रैक पर गैस सिलेंडर बरामद हुआ है, उसने साजिश की आशंका को बल दिया है. 
 



from NDTV India - India https://ift.tt/DOUaj34

No comments