Breaking News

ममता बनर्जी ने डॉक्टरों से मुलाकात के बाद कोलकाता पुलिस कमिश्नर और 2 स्वास्थ्य अधिकारियों को हटाया

RG Kar Medical College: डॉक्टरों से मुलाकात के बाद ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने कोलकाता पुलिस कमिश्नर और 2 स्वास्थ्य अधिकारियों को हटा दिया है. इसके साथ ही ममता बनर्जी ने कहा है कि जूनियर डॉक्टरों से बातचीत बेहद अच्छी रही. उन्होंने कहा है कि प्रदर्शनकारी चिकित्सकों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी. ममता ने बताया कि आंदोलनकारी चिकित्सकों से काम पर लौटने का आग्रह किया है क्योंकि उनकी पांच में से तीन मांगें स्वीकार कर ली गईं हैं.

अन्य मांगों के लिए बनी समिति

ममता बनर्जी ने कहा कि कुछ बिंदुओं पर सहमति बनी है और कुछ पर असहमति है. आंदोलनकारी कनिष्ठ चिकित्सकों की अन्य मांगों पर मुख्य सचिव के नेतृत्व वाली समिति विचार करेगी. कोलकाता पुलिस के नए आयुक्त की नियुक्ति मंगलवार को होगी. हमने स्वास्थ्य सेवा निदेशक और चिकित्सा शिक्षा निदेशक को हटाने का फैसला किया है. 42 आंदोलनकारी चिकित्सकों, मुख्य सचिव मनोज पंत ने बैठक के विवरण पर हस्ताक्षर किए हैं.

"अपमान नहीं किया"

डॉक्टरों से मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने प्रेस वार्ता कर सारी बात बताई. उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने कुल 5 मांगें रखी थीं. डॉक्टरों से मुलाकात सकारात्मक रही. हमने उन्हें अपनी बात रखने की अनुमति दी. हमने उनकी बातों को महत्व दिया. डॉक्टर चाहते थे कि 3 अधिकारी हटाए जाएं. वे स्वास्थ्य विभाग से तीन अधिकारियों को हटाना चाहते थे. स्वास्थ्य विभाग के दो अधिकारी हटा दिए गए हैं. हमने इन अधिकारियों का अपमान नहीं किया है, लेकिन चूंकि यह छात्रों की मांग थी, इसलिए हमें यह करना पड़ा. स्वास्थ्य विभाग के दो अधिकारियों के साथ कोलकाता पुलिस सीपी को हटाया गया है. कल से नये पुलिस आयुक्त कामकाज संभालेंगे. डीसी नॉर्थ को भी हटा दिया जाएगा और उनके प्रतिस्थापन पर कल फैसला किया जाएगा.

शाम चार बजे होगी घोषणा

चिकित्सकों के साथ बैठक के बाद बनर्जी ने कहा कि बातचीत ‘सफल' रही और उनकी (चिकित्सकों) करीब ‘99 प्रतिशत मांगें मान ली गईं हैं.' आरजी कर अस्पताल मामले में अपने आवास पर आयोजित बैठक के बाद मुख्यमंत्री बनर्जी ने संवाददाताओं को बताया कि कोलकाता के नये पुलिस आयुक्त के नाम की घोषणा मंगलवार शाम चार बजे के बाद की जाएगी. मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों से काम पर लौटने का आग्रह भी किया. उन्होंने कहा, ‘‘चिकित्सकों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी...मैं उनसे काम पर लौटने का अनुरोध करती हूं, क्योंकि आम लोग प्रभावित हो रहे हैं.''



from NDTV India - India https://ift.tt/YLZ2a1e

No comments