Breaking News

J&K: कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों की आतंकियों के साथ मुठभेड़

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई.नियंत्रण रेखा के पास तंगधार के ताड़ इलाके में गोलीबारी जारी है. गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर में करीब एक महीने बाद विधानसभा चुनाव हैं. ऐसे में दहशतगर्दों ने अपनी नापाक हरकतों को एक बार फिर से अंजाम देना शुरू कर दिया है. जानकारी के अनुसार,  कुपवाड़ा में सुरक्षाबलों की आतंकियों के साथ मुठभेड़ अभी भी जारी है.

अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा जिले के तंगधार इलाके में बुधवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हुई. अधिकारियों ने बताया कि नियंत्रण रेखा के पास तंगधार क्षेत्र में खुशाल पोस्ट पर गोलीबारी शुरू हुई.

उन्होंने बताया कि अभी तक इस मुठभेड़ में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. उन्होंने बताया कि घटना के बारे में विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है.

चुनाव की तैयारी में सरकार

गौरतलब है कि विधानसभा में चुनाव होने जा रहे हैं. ऐसे में केंद्र सरकार काफी सतर्क है. जानकारी के मुताबिक, केंद्र ने चुनाव ड्यूटी के लिए कश्मीर घाटी में अब तक अर्धसैनिक बलों की तकरीबन 300 कंपनियों को तैनात किया है. 

अधिकारियों ने बताया कि इन कंपनियों को श्रीनगर, हंदवाड़ा, गांदरबल, बडगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा, अनंतनाग, शोपियां, पुलवामा, अवंतीपोरा और कुलगाम में तैनात किया गया है.

उन्होंने बताया कि कश्मीर घाटी में सुचारू रूप से विधानसभा चुनाव कराने के लिए सुरक्षा के वास्ते केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस सहित अर्धसैनिक बलों की 298 कंपनियों को तैनात किया गया है.

अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर को सबसे अधिक 55 कंपनियां मिली हैं, उसके बाद अनंतनाग (50), कुलगाम (31), बडगाम, पुलवामा और अवंतीपोरा पुलिस जिले (24-24), शोपियां (22), कुपवाड़ा (20), बारामुल्ला (17), हंदवाड़ा 15, बांदीपोरा 13 और गांदरबल (तीन) हैं.

तीन चरणों में होने वाले मतदान के पहले चरण की अधिसूचना मंगलवार को जारी की गई. पहले चरण के लिए मतदान 18 सितंबर, दूसरे चरण के लिए 25 सितंबर और तीसरे और अंतिम चरण के लिए एक अक्टूबर को मतदान होगा.



from NDTV India - India https://ift.tt/Yqrf15V

No comments