Breaking News

आत्महत्या करने वाले भाई के लिए न्याय मांग रहे होमगार्ड जवान ने भी की खुदकुशी, पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप

उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर दो भाइयों के आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. सादाबाद पुलिस के रवैये से परेशान बरहन निवासी 40 साल के संजय कुमार ने पहले शनिवार को फांसी लगाकर खुदकुशी की. इसके बाद पुलिस के कार्रवाई नहीं करने और मुकदमा नहीं लिखे जाने पर उसके बड़े भाई और होमगार्ड जवान प्रमोद कुमार ने भी सोमवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना से आक्रोशित लोगों ने थाने का घेराव किया और जमकर प्रदर्शन किया.

दरअसल हाथरस के रहने वाले लक्ष्मण नाम के शख़्स पर हाथरस की ही नाबालिग अल्पसंख्यक लड़की को अगवा करने का आरोप था. हाथरस पुलिस ने लक्ष्मण की तलाश शुरू की तो पता चला कि वो आगरा में अपने जीजा के यहां है. हाथरस पुलिस ने लक्ष्मण के जीजा संजय को हिरासत में लेकर पूछताछ की और अगले दिन छोड़ दिया.

संजय के घरवालों का आरोप है कि पुलिस ने उसको थाने ले जाकर प्रताड़ित किया और पैसे मांगे. इसके बाद संजय ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर आत्महत्या कर ली. इसको लेकर संजय के भाई प्रमोद ने पुलिस में शिकायत की, लेकिन मुक़दमा दर्ज नहीं हुआ. इससे नाराज़ होकर प्रमोद ने भी आज आत्महत्या कर ली. प्रमोद यूपी पुलिस में होमगार्ड में तैनात थे.

आक्रोशित लोगों ने कहा कि ये बेहद शर्मनाक घटना है. कहीं की घटना को लेकर किसी और तरीके से उन्हें प्रताड़ित किया गया, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इसका संज्ञान लेकर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करनी चाहिए. हमारा विरोध प्रदर्शन न्याय होने तक जारी रहेगा. 

मामला सामने आने के बाद सादाबाद के थानेदार को सस्पेंड कर दिया गया है और एक एडिशनल एसपी को जांच के आदेश दिए गए हैं.

इस पूरे मामले में हाथरस एसपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि हिरासत में लिए जाने और पूछताछ के बाद छोड़े जाने के 10 दिन बाद संजय नाम के शख्स ने आत्महत्या की. पीड़ित परिवार ने जिस पुलिसकर्मी पर प्रताड़ना का आरोप लगाया उसे लाइन हाजिर किया गया और एडिशनल एसपी इसकी जांच कर रहे हैं. बाद में पता चला कि उनके भाई ने भी खुदकुशी कर ली, इसके बाद दारोगा को भी निलंबित कर दिया गया. इस पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी उचित कार्रवाई होगी की जाएगी.

पुलिस का कहना है कि परिजनों ने जांच करने वाले पुलिसकर्मी पर उत्पीड़न और पैसों के लेन-देन का आरोप लगाया था. जिसके दौरान तत्काल उसे लाइन हाजिर कर दिया गया था और प्रकरण के जांच की पूरी जिम्मेदारी हाथरस के अपर पुलिस अधीक्षक को दे दी गई थी. आगरा पुलिस के द्वारा बताया जा रहा है कि सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसकी जांच की जा रही है.



from NDTV India - India https://ift.tt/FsOA7id

No comments