Breaking News

आतिशी, राघव चड्ढा ने जेल में बंद अरविंद केजरीवाल से की मुलाकात, जल संकट पर हुई चर्चा

दिल्ली में जारी जल और बिजली संकट के बीच मंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद राघव चड्ढा ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की. उन्होंने बताया कि केजरीवाल ने उन्हें समस्या से निपटने के लिए यथाशीघ्र कदम उठाने का निर्देश दिया है.

'आप' के संयोजक केजरीवाल आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में तिहाड़ जेल में बंद हैं. आतिशी ने तिहाड़ जेल के बाहर मीडिया से कहा, ‘‘उन्होंने (केजरीवाल) बिजली और पानी से संबंधित मुद्दों के बारे में बातचीत की और उन्होंने मुझे बताया कि उन्होंने तिहाड़ जेल में टेलीविजन पर दिल्ली में जल संकट की खबर देखी थी.'

उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने उन्हें जल संकट से निपटने के लिए यथाशीघ्र सभी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है. ‘आप' के सभी विधायकों को निर्देश दिया है कि वे लोगों के बीच जाएं और अपने क्षेत्रों में लोगों को पानी उपलब्ध कराने के लिए हर संभव कदम उठाएं.'

आतिशी ने कहा कि केजरीवाल ने दो दिन पहले उत्तर प्रदेश में आग लगने की घटना के कारण दिल्ली में हुई बिजली कटौती के बारे जानकारी ली. उन्होंने कहा, 'उन्होंने (केजरीवाल) हमें भविष्य में बिजली संकट को रोकने के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करने को भी कहा.'

शिक्षा मंत्री ने कहा कि केजरीवाल सलाखों के पीछे रहकर भी केवल दिल्ली के लोगों और उनकी समस्याओं के बारे में सोचते हैं. तिहाड़ के सूत्रों के अनुसार आतिशी और चड्ढा दोनों ने केजरीवाल से आधे घंटे तक मुलाकात की.

ये भी पढ़ें:- 
कुवैत अग्निकांड में अब तक 45 भारतीयों ने गंवाई जान, लाशों को भारत लाने की तैयारी में IAF



from NDTV India - India https://ift.tt/asNrMpb

No comments