Breaking News

लोकसभा चुनाव: 5वें चरण में 49 सीटों पर वोटिंग शुरू, इन हॉट सीटों पर रहेगी नजर

  1. इस चरण में दो ‘हाई प्रोफाइल' सीट रायबरेली और अमेठी में भी मतदान हो रहा है. रायबरेली से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और अमेठी से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी मैदान में हैं. 
  2. पांचवें चरण में जिन सीट पर मतदान हो रहा है, उनमें से 40 से अधिक सीट राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पास थी. पांचवें चरण में 4.26 करोड़ महिलाओं और 5,409 ‘थर्ड जेंडर' के मतदाताओं सहित 8.95 करोड़ से अधिक लोग मतदान करने के पात्र हैं और 94,732 मतदान केंद्रों पर 9.47 लाख मतदान अधिकारी तैनात किए गए हैं.
  3. लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में प्रमुख उम्मीदवारों में कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं. जिनमें राजनाथ सिंह (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), पीयूष गोयल (मुंबई उत्तर, महाराष्ट्र), साध्वी निरंजन ज्योति (फतेहपुर, उप्र) और शांतनु ठाकुर (बनगांव, पश्चिम बंगाल), लोजपा (रामविलास) के नेता चिराग पासवान (हाजीपुर, बिहार), शिवसेना के श्रीकांत शिंदे (कल्याण, महाराष्ट्र) और भाजपा के राजीव प्रताप रूडी तथा राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य (दोनों सारण, बिहार) शामिल हैं.
  4. ओडिशा के 35 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है, जहां बीजद अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नवीन पटनायक उम्मीदवारों में शामिल हैं.
  5. उत्तर प्रदेश में इस चरण में 14 लोकसभा निर्वाचन क्षेत्रों मोहनलालगंज (आरक्षित), लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन (आरक्षित), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (आरक्षित), बाराबंकी (आरक्षित), फैजाबाद, कैसरगंज, गोंडा में मतदान हो रहा है.
  6. केरल के वायनाड से चुनाव लड़ने वाले राहुल गांधी, नेहरू-गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली से चुनाव लड़ रहे हैं, जिसका प्रतिनिधित्व उनकी मां सोनिया गांधी 2004 से कर रही थीं. भाजपा ने उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को इस सीट से मैदान में उतारा है.
  7. अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव मैदान में हैं, जबकि गांधी परिवार के करीबी केएल शर्मा को कांग्रेस ने चुनाव मैदान में उतारा है. वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी में ईरानी ने राहुल गांधी को हराया था. लखनऊ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चौथे कार्यकाल पर नजर हैं. उनका मुकाबला सपा के मौजूदा विधायक (लखनऊ मध्य से) रविदास मेहरोत्रा से है.
  8. जम्मू-कश्मीर के बारामूला में 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी इस सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. इस निर्वाचन क्षेत्र में 17.37 लाख मतदाता मतदान करने के पात्र हैं. लद्दाख में कांग्रेस उम्मीदवार सेरिंग नामग्याल, भाजपा के ताशी ग्यालसन और निर्दलीय उम्मीदवार एवं नेकां के बागी नेता हाजी हनीफा जान के बीच कड़ा मुकाबला है.
  9. पश्चिम बंगाल में सात संसदीय क्षेत्रों में मतदान हो रहा है. राज्य की बनगांव, बैरकपुर, हावड़ा, उलुबेरिया, सेराम्पुर, हुगली और आरामबाग लोकसभा सीट पर मतदान होगा. बैरकपुर में भाजपा उम्मीदवार अर्जुन सिंह का मुकाबला तृणमूल कांग्रेस के पार्थ भौमिक और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के देबदूत घोष से है.
  10. बिहार की पांच लोकसभा सीट सारण, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सीतामढ़ी और मधुबनी में भी आज वोट डाले जा रहे हैं .राजग की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हाजीपुर, सारण और मुजफ्फरपुर में रैलियां कीं. हाजीपुर से चिराग पासवान चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं बाकी दो सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार मैदान में हैं. झारखंड में तीन लोकसभा सीट और गांडेय विधानसभा सीट के उपचुनाव पर भी वोटिंग हो रही है.


from NDTV India - India https://ift.tt/kHK1fdP

No comments