इंदौर में मतदान बढ़ाने के लिए मुफ्त पोहा-जलेबी, आइसक्रीम की पेशकश
मतदाताओं की तादाद के लिहाज से मध्यप्रदेश के सबसे बड़े इंदौर लोकसभा क्षेत्र में 13 मई को होने वाले मतदान को बढ़ावा देने के लिए 'लजीज' पेशकश की गई है. शहर के अलग-अलग वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों ने तय किया है कि वे मतदान के शुरुआती घंटों में वोट डालने वाले लोगों को पोहा, जलेबी, आईसक्रीम और अन्य खाद्य पदार्थ मुफ्त में परोसेंगे.
अधिकारियों ने बताया कि इन वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों ने जिलाधिकारी आशीष सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित बैठक में यह फैसला किया. बैठक के बाद सिंह ने संवाददाताओं को बताया,‘‘हम इंदौर लोकसभा क्षेत्र को मतदान के मामले में देश भर में अव्वल बनाना चाहते हैं. इसके लिए वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों की भी मदद ली जा रही है.''
शहर की मशहूर चाट-चौपाटी '56 दुकान' के व्यापारी संघ के अध्यक्ष गुंजन शर्मा ने बताया कि सुबह सात बजे से नौ बजे के बीच मतदान करने वाले लोगों को इस चाट-चौपाटी पर मुफ्त पोहा-जलेबी परोसी जाएगी.
उन्होंने कहा,‘‘इस अवधि में वोट डालने वाले वरिष्ठ नागरिकों और अपने जीवन में पहली बार मतदान करने वाले युवाओं को हमारी चाट-चौपाटी पर पोहा-जलेबी के साथ आइसक्रीम भी निःशुल्क परोसी जाएगी. इसके लिए उन्हें अपनी उंगली पर अमिट स्याही का निशान दुकानदारों को दिखाना होगा.''
अधिकारियों ने बताया कि शहर के कुछ अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों ने सुबह के घंटों में मतदान करने वाले लोगों को नूडल्स और मंचूरियन जैसे व्यंजन मुफ्त में परोसने की पेशकश की है.
इंदौर लोकसभा क्षेत्र में 2019 के पिछले लोकसभा चुनाव के दौरान 69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था. इस लोकसभा क्षेत्र में 25.13 लाख वोटर हैं.
from NDTV India - India https://ift.tt/L69J3sh
No comments