राकांपा (शरद पवार) ने लोकसभा चुनाव के लिये सुप्रिया सुले समेत 5 उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की
मुंबई, 30 मार्च (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने शनिवार को महाराष्ट्र से लोकसभा चुनाव के लिए अपने पांच उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें बारामती से सुप्रिया सुले को एक बार फिर से टिकट दिया गया है. सूची के अनुसार, प्रदेश के अहमदनगर निर्वाचन क्षेत्र में नीलेश लंके को मैदान में उतारा गया है, जो अजित पवार खेमे से पाला बदलते हुये शरद पवार गुट में शामिल हुये थे .
राकांपा के शरद पवार गुट के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने इस सूची की घोषणा की और बताया कि सुप्रिया सुले और अमोल कोल्हे को क्रमशः बारामती एवं शिरूर निर्वाचन क्षेत्रों से फिर उम्मीदवार बनाया गया है.
पाटिल ने बताया कि भास्कर भागरे को नासिक जिले की डिंडोरी सीट से और पूर्व कांग्रेस विधायक अमर काले को वर्धा से उम्मीदवार बनाया गया है.
भागरे डिंडोरी (एसटी) सीट पर केंद्रीय मंत्री और मौजूदा भाजपा सांसद भारती पवार के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे. पारनेर से मौजूदा विधायक लंके का मुकाबला अहमदनगर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा सांसद सुजय विखे पाटिल से होगा.
विपक्षी महा विकास अघाडी (एमवीए) का हिस्सा राकांपा (एसपी) महाराष्ट्र में 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी . इस गठबंधन में शिवसेना (यूबीटी) और कांग्रेस शामिल हैं . प्रदेश में लोकसभा की 48 सीटें हैं .
from NDTV India - India https://ift.tt/Itxc5rS
No comments