Cold wave : नोएडा में प्रशासन ने कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल को इस सप्ताह बंद रखने का लिया फैसला
पूरे उत्तर भारत में शीत लहर देखने को मिल रहा है. दिल्ली एनसीआर (Delhi NCR) में भी लोग ठंड से परेशान हैं. घने कोहरे और शीत लहर के चलते गौतम बुद्ध नगर में संचालित समस्त बोर्ड से मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों की नर्सरी से लेकर 8 तक की कक्षाएं 3 जनवरी से 6 जनवरी तक बंद रहेगी. बीच में रविवार पड़ने के कारण यह कक्षाएं 8 तारीख से पुन: शुरू की जाएगी. डीएम मनीष कुमार ने बताया कि कक्षा 9 से लेकर 12 तक की कक्षाएं इस दौरान चलती रहेगी.
वाराणसी में भी स्कूल बंद
पिछले हफ्ते की शुरुआत में, वाराणसी जिला प्रशासन ने भी शीत लहर की स्थिति के कारण कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के छात्रों के लिए स्कूलों को 6 जनवरी तक बंद करने की घोषणा की थी. इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने कहा, '5-11 जनवरी के दौरान, हम रात के तापमान में गिरावट की उम्मीद कर रहे हैं, जिससे मध्य भारत के कुछ हिस्सों में शीत लहर की स्थिति पैदा हो सकती है. महापात्रा ने कहा कि दिन का तापमान भी सामान्य से नीचे रहेगा, जिससे विशेष रूप से मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र के उत्तरी हिस्सों और उत्तर प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में ठंडे दिन की स्थिति बनेगी.
पूरे उत्तर भारत में ठंड का कहर
गौरतलब है कि उत्तर भारत के कई क्षेत्रों में मंगलवार को भी कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी रहा और घने कोहरे की वजह से ट्रेनों के परिचालन तथा वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही. वहीं, कश्मीर घाटी में शीत लहर के प्रकोप के साथ न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे बना हुआ है और श्रीनगर की डल झील समेत जलाशयों में पानी जम गया है. राष्ट्रीय राजधानी के लोगों को मंगलवार की सुबह तेज सर्द हवाओं का सामना करना पड़ा, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा.
ये भी पढ़ें-:
- 'हिट-एंड-रन' कानून : सरकार और ट्रांसपोर्टरों के बीच हुई सुलह, ट्रक ड्राइवरों से की काम पर लौटने की अपील
- जापान एयरलाइंस के प्लेन में रनवे पर लगी आग, सभी 350 लोगों को सुरक्षित निकाला गया
from NDTV India - India https://ift.tt/qDjY0ok
No comments