नोएडा : गैंगवार में गई गैंगस्टर परवेश मान के भाई की जान! गोगी गैंग पर गोलियां बरसाने का शक
नोएडा (Noida) के सेक्टर 104 के हाजीपुर मार्केट में एक युवक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. नोएडा पुलिस (Noida Police) के अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित की पहचान सूरज मान (32) के तौर पर की गई है और वह सेक्टर 100 स्थित ब्लुवर्ड सोसाइटी में रहता था. एनडीटीवी को मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक सूरजभान दिल्ली के गैंगस्टर परवेश मान (Gangster Parvesh Mann) का भाई था और एयर इंडिया में क्रू मेंबर था. अधिकारियों ने बताया कि पुलिस की चार टीम मामले की जांच में जुट गई हैं.
जानकारी के मुताबिक, गैंगस्टर परवेश मान दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है और नीरज बवाना गैंग से जुड़ा है. परवेश मान और कपिल कल्लू में लंबे समय से गैंगवार चल रही है. कपिल कल्लू, गोगी गैंग से जुड़ा है. परवेश मान पर आरोप है कि उसने कपिल कल्लू के पिता को मारा था. वहीं इससे पहले, कपिल कल्लू ने परवेश मान के चचेरे भाई को मारा था.
बताया जा रहा है कि अब कपिल कल्लू अपने पिता की हत्या का बदला लेना चाहता था. इसलिए शक जताया जा रहा है कि उसी के शूटरों ने परवेश मान के सगे भाई सूरजभान की हत्या करवाई है. फिलहाल कपिल कल्लू जेल में है.
दिल्ली से नोएडा शिफ्ट हो गया था सूरजभान
सूरजभान इसी डर से दिल्ली से नोएडा शिफ्ट हो गया था. उसे लग रहा था नोएडा ज्यादा सेफ है. हालांकि शुक्रवार की सूरजभान की गोली मारकर हत्या कर दी गई.
बाइक पर सवार होकर आए थे हत्यारे
जानकारी के मुताबिक, हत्यारे बाइक पर सवार होकर आए थे. हत्यारों ने सूरजभान पर 5 राउंड फायरिंग की और मौके से भाग निकले.
पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) हरिश चंदर ने बताया कि सूरजभान को अपनी कार में बैठते वक्त ताबड़तोड़ गोलियां मारी गई. उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी सूरजभान को अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जिम और सेक्टर 104 मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरे की सहायता से पुलिस बदमाशों की पहचान करके उन्हें पकड़ने में जुट गई है.
पारिवारिक संबंधों के कारण निशाना बनाने का शक
उन्होंने कहा, “ सूरजभान का बड़ा भाई हत्या के एक मामले में आरोपी है और फिलहाल दिल्ली की एक जेल में बंद है. पुलिस को संदेह है कि प्रतिद्वंद्वी गिरोह ने सूरजभान को उसके पारिवारिक संबंधों के कारण निशाना बनाया है.” उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की गैंगवार के कोण से भी जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें :
* नोएडा : जिम के बाहर कार में बैठा था युवक, बाइक सवार अपराधियों ने बरसाई 5 राउंड गोलियां, मौत
* शीत लहर के कारण नोएडा में 8वीं क्लास तक के सभी स्कूलों में बढ़ी छुट्टी, दो दिन और रहेंगे बंद
* भारत का दिल्ली नहीं ये शहर रहा 2023 में सबसे ज्यादा प्रदूषित, जानकर चौंक जाएंगे आप
from NDTV India - India https://ift.tt/w5utaQo
No comments