Breaking News

कांग्रेस की नजर बंगाल की 10 सीटों पर, TMC के 2 सीटों के ऑफर को ज्यादा तवज्जो नहीं : सूत्र

कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस के बीच आगामी आम चुनावों के लिए सीट बंटवारे के फॉर्मूले पर बातचीत उलझ गई है. सूत्रों का कहना है कि दोनों दल अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. नतीजतन कोई फैसला नहीं हो पा रहा है. कांग्रेस पश्चिम बंगाल में 10 सीटों पर लड़ने को लेकर जोर दे रही है. इसमें 2019 के लोकसभा चुनाव में जीती गई दो सीटें भी शामिल हैं.

पार्टी सूत्रों ने एनडीटीवी को बताया कि तृणमूल के साथ बातचीत इन सीटों पर केंद्रित होगी. तृणमूल इस बात पर अड़ी हुई है कि वह दो से अधिक सीटें नहीं छोड़ सकती, क्योंकि पिछली बार कांग्रेस ने इतनी ही सीटें जीती थीं. सबसे पुरानी पार्टी के सूत्रों का कहना है कि वे भी तृणमूल से उन 18 सीटों के बारे में सवाल कर सकते हैं, जो वो 2019 में भाजपा से हार गई थी.

2019 के चुनाव में टीएमसी ने 22 सीटें जीतीं थी. वहीं कांग्रेस ने दो (बेहरामपुर और मालदा दक्षिण) सीटों पर जीत हासिल की थी. भाजपा को 18 सीटें मिली थी. 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली थी. दोनों पक्षों के बीच वाकयुद्ध के कारण बातचीत भी प्रभावित हो रही है.

पिछले हफ्ते, राज्य कांग्रेस प्रमुख अधीर रंजन चौधरी ने कहा था, "सबसे पुरानी पार्टी तृणमूल से सीटों की भीख नहीं मांगेगी." इस पर ममता बनर्जी की ओर से तीखी और त्वरित प्रतिक्रिया आई थी. उन्होंने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा, ''गठबंधन सहयोगियों की बुराई करना और सीटों का बंटवारा साथ-साथ नहीं चल सकता.''

अधीर रंजन चौधरी ने बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी पर विपक्षी गठबंधन को मजबूत करने के बजाय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा में व्यस्त रहने का भी आरोप लगाया है. इस पर तृणमूल ने असंवेदनशील टिप्पणी करने के लिए चौधरी की आलोचना की और कांग्रेस आलाकमान को अपने राज्य प्रमुख पर लगाम लगाने की चेतावनी दी.

गौरतलब है कि बीजेपी का मुकाबला करने के लिए समान विचारधारा वाली पार्टियों का एक समूह, इंडिया गठबंधन सीट बंटवारे की व्यवस्था को मजबूत करने पर विचार कर रहा है.

पिछले महीने के अंत में ममता बनर्जी ने उत्तर 24 परगना में एक सभा में कहा था, "इंडिया का गठबंधन पूरे देश में होगा. बंगाल में टीएमसी लड़ेगी और बीजेपी को हराएगी. याद रखें, बंगाल में केवल टीएमसी ही बीजेपी को सबक सिखा सकती है, कोई अन्य पार्टी नहीं."



from NDTV India - India https://ift.tt/64miejP

No comments