Breaking News

"MP के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए काम करूंगा": मनोनीत मुख्यमंत्री मोहन यादव

मध्य प्रदेश के नये मुख्यमंत्री बनने जा रहे मोहन यादव ने सोमवार को कहा कि वह राज्य के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए काम करेंगे. उन्होंने उनके जैसे ‘छोटे कार्यकर्ता' पर भरोसा जताने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व के प्रति आभार जताया. भारतीय जनता पार्टी ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के नेता और तीन बार विधायक रहे यादव (58) को मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के रूप में चुना है.

भाजपा विधायक दल ने निवर्तमान सरकार में मंत्री यादव को अपना नेता चुना, जिससे उनके लिए मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने का मार्ग प्रशस्त हो गया.

उन्होंने कहा, 'मैं भाजपा को भारी बहुमत से जिताने वाले राज्य के लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए काम करूंगा. भाजपा ने एक छोटे कार्यकर्ता को बड़ी जिम्मेदारी दी है. मैं पार्टी की उम्मीदों को पूरा करने के लिए काम करूंगा.''

उन्होंने कहा, 'मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को धन्यवाद देता हूं. मैं मोदी जी और (निवर्तमान) मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई कल्याण और विकास (योजनाओं) पर काम करूंगा.'

उज्जैन दक्षिण से विधायक यादव ने वरिष्ठ नेताओं नरेंद्र तोमर, पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व लोकसभा सचेतक राकेश सिंह, राज्य इकाई प्रमुख वीडी शर्मा और निवर्तमान मुख्यमंत्री चौहान के प्रति आभार व्यक्त किया.

भाजपा ने 17 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में 230 में से 163 सीट जीतकर कांग्रेस (66 सीट) को दूसरे स्थान पर धकेल दिया और मप्र में अपनी सत्ता बरकरार रखी. नतीजे तीन दिसंबर को घोषित किए गए थे.

ये भी पढ़ें-"राष्ट्रीय एकता मजबूत होगी" : RSS ने अनुच्छेद 370 पर SC के फैसले का किया स्वागत



from NDTV India - India https://ift.tt/NfPrJ02

No comments