Breaking News

कांग्रेस ने तेलंगाना के लिए तीसरी सूची जारी की, केसीआर को चुनौती देंगे रेवंत रेड्डी

कांग्रेस ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को 16 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की. इसमें सबसे प्रमुख नाम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी का है जो कामारेड्डी विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) को चुनौती देंगे. पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की सूची के अनुसार, कामारेड्डी से रेवंत रेड्डी को उम्मीदवार बनाया गया है. इस सीट पर मुख्यमंत्री केसीआर भी चुनाव लड़ रहे हैं. इस सीट के अलावा मुख्यमंत्री अपनी परंपरागत सीट गजवेल से भी चुनाव लड़ रहे हैं.

रेवंत रेड्डी भी दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं. उन्हें पहले कोडांगल विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया गया था. इस सूची में पार्टी ने पहले घोषित किये गये दो उम्मीदवारों को भी बदल दिया है. बोथ-एसटी सीट से अब वान्नेला अशोक की जगह आदि गजेंद्र चुनाव लड़ेंगे, वानापर्थी सीट से जी चिन्ना रेड्डी की जगह तुड़ी मेघा रेड्डी को मैदान में उतारा गया है. कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) को कड़ी चुनौती देने और मुख्यमंत्री केसीआर को आक्रामक तरीके से घेरने की रणनीति के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को उनके खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए कहा गया है.

कांग्रेस उम्मीदवारों की तीसरी सूची में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद शब्बीर अली का भी नाम है जिन्हें निजामाबाद शहर से उम्मीदवार बनाया गया है. पार्टी ने अपने मौजूदा लोकसभा सांसद एन उत्तम कुमार रेड्डी को भी हुजूरनगर विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा है. वह वर्तमान में तेलंगाना में नलगोंडा लोकसभा सीट से सांसद हैं. पार्टी की तीसरी सूची में कुल 16 नाम है, लेकिन दो सीटों पर उम्मीदवार बदले गए हैं. कांग्रेस तेलंगाना की कुल 119 सीटों में से 114 पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है. तेलंगाना में 119 विधानसभा सीट के लिए एकल चरण में 30 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना तीन दिसंबर को होगी.
 

ये भी पढ़ें-:



from NDTV India - India https://ift.tt/deNW3Xc

No comments