Breaking News

प्रशिक्षण के दौरान बेचैन दिखने के बाद एयर इंडिया के पायलट की मौत

एयर इंडिया के एक वरिष्ठ पायलट की दिल्ली हवाई अड्डे पर प्रशिक्षण सत्र के दौरान बेचैनी के लक्षण दिखने के बाद बृहस्पतिवार की सुबह मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि पायलट को दिल का दौरा पड़ा था.

उन्होंने बताया कि लगभग 30 वर्ष के हिमानिल कुमार हवाई अड्डे के टर्मिनल तीन पर एयर इंडिया के संचालन विभाग में एक प्रशिक्षण सत्र में थे. अचानक, उनमें बेचैनी के लक्षण दिखने लगे और सहकर्मियों ने उनकी सहायता करने की कोशिश की.

अधिकारियों ने कहा कि कुमार को हवाई अड्डे पर एक अस्पताल में ले जाया गया लेकिन पूरी कोशिश के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका.

वरिष्ठ कमांडर कुमार प्रशिक्षण सत्र में थे, जिसके तहत एकल सीट वाले विमान उड़ाने वाले पायलटों को बड़े विमानों को संचालित करने के लिए प्रशिक्षित किया जाता है. उन्होंने बताया कि ए320 विमान से बोइंग 777 विमान के संचालन के लिए उन्होंने तीन अक्टूबर से प्रशिक्षण लेना शुरू किया था.

अधिकारियों में से एक ने कहा कि एयरलाइन पायलट के परिवार को हर संभव सहायता दे रही है और कुमार के पिता एयरलाइन में एक वरिष्ठ कमांडर थे.

मामले से जुड़े एक नियामक अधिकारी ने कहा कि कुमार ने 23 अगस्त को चिकित्सा आधार पर छुट्टी ली थी और बाद में उन्हें फिट घोषित किया गया था. उड़ान ड्यूटी के संबंध में और छुट्टियों के बाद उन्हें थकान संबंधी कोई समस्या नहीं थी. कुमार ने बृहस्पतिवार को प्रशिक्षण फिर से शुरू किया था.

अधिकारी ने कहा कि उनके पिछले सभी चिकित्सीय आकलन ठीक थे और चिकित्सा संबंधी अन्य कोई परेशानी नहीं थी.

एयर इंडिया की ओर से तत्काल कोई बयान नहीं आया है.



from NDTV India - India https://ift.tt/lqanmWh

No comments