Breaking News

देश में पिछले नौ सालों में 14 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आये: केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर (Narendra Singh Tomar) ने शुक्रवार को दावा किया कि पिछले नौ वर्षों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के शासन में देश में 14 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है. मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले नीमच और मंदसौर जिलों में प्रचार रैलियों को संबोधित करते हुए तोमर ने कांग्रेस पर राज्य में कृषि ऋण माफी के अपने वादे को पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया. भाजपा नेता तोमर ने आरोप लगाया, "कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में किसानों का कर्ज माफ करने का वादा किया था, लेकिन 2018 में सत्ता में आने के बाद उसने ऐसा नहीं किया और कई कल्याणकारी योजनाएं बंद कर दीं." 

जावद विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आने वाले जाट गांव में भाजपा प्रत्याशी और मंत्री ओम प्रकाश सकलेचा के समर्थन में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तोमर ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीबों के साथ अन्याय किया है, जबकि भाजपा ने हमेशा उनका ख्याल रखा है.

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के नौ साल में देश में 14 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आये हैं जबकि मध्य प्रदेश में यह संख्या 1.39 करोड़ है. उन्होंने मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार की ‘लाडली बहना योजना' के तहत महिलाओं के खाते में 1250 रुपये डाले जाने का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस इस सफलता को पचा नहीं पा रही है और योजना पर सवाल उठा रही है.

तोमर ने कहा कि चुनाव के बाद यह राशि बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दी जाएगी. उन्होंने कहा कि किसानों के सम्मान की रक्षा के लिए सरकार उन्हें केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से 12,000 रुपये (सालाना) दे रही है.

बाद में, मंदसौर में पहली बार के मतदाताओं की एक सभा में तोमर ने कहा कि उनका जन्म 2003 के बाद हुआ है और इसलिए वे उससे पहले बिजली, पानी की स्थिति और सड़कों की स्थिति के बारे में नहीं जानते होंगे.

भाजपा ने 2003 में कांग्रेस को राज्य की सत्ता से हटा दिया था.

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उस समय मध्य प्रदेश को 'बीमारू' (पिछड़ा हुआ) राज्य माना जाता था, लेकिन भाजपा शासन में कई उपायों के कारण राज्य में काफी विकास हुआ.

ये भी पढ़ें :

* NDTV OPINION POLL: मोदी लहर या गहलोत का जादू? जानें, राजस्थान के वोटर्स का मूड
* बेटियों की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों की 'रावण और कंस' जैसी दुर्गति होगी : योगी आदित्यनाथ
* "स्वाद और तकनीक का ये फ्यूजन एक नई इकोनॉमी को गति प्रदान करेगा" : वर्ल्ड फूड इंडिया कार्यक्रम में पीएम मोदी



from NDTV India - India https://ift.tt/NHyO4Pj

No comments