प्रदर्शन, पुतला दहन..., उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद तेलंगाना कांग्रेस में हाई वोल्टेज ड्रामा
कांग्रेस की तेलंगाना (Telangana) इकाई में आज उस समय जोरदार ड्रामा देखने को मिला जब पार्टी ने राज्य की 119 विधानसभा सीटों के लिए 55 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की. विरोध-प्रदर्शन, पुतला दहन, आंसू के बीच हालात इस कदर बिगड़ गए कि जिससे शीर्ष नेताओं को हैदराबाद के गांधी भवन में पार्टी मुख्यालय को बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ा.यह हंगामा 18 अक्टूबर से प्रस्तावित कांग्रेस बस यात्रा की शुरुआत से 3 दिन पहले हुआ है, जिसमें राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और प्रियंका गांधी वाड्रा भाग लेने वाले हैं. कांग्रेस उम्मीद कर रही थी कि फिलहाल वह अपनी पहली सूची में टिकटों को लेकर विवाद से दूर रहेगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका.
मल्लू रवि की प्रेस कॉन्फ्रेंस को रोकने की हुई कोशिश
मल्लू रवि की प्रेस कॉन्फ्रेंस को रोकने के लिए करने के लिए कुछ लोगों का समूह गांधी भवन में घुस गया, जिससे उन्हें बाहर निकलने के लिए मजबूर होना पड़ा. टिकट बंटवारे से नाराज लोगों ने पीसीसी प्रमुख रेवंत रेड्डी का पुतला जलाया जिसके बाद कांग्रेस मुख्यालय में तालाबंदी कर दी गई.
रो पड़े कांग्रेस नेता
उप्पल में, रागीदी लक्ष्मा रेड्डी यह जानकर रो पड़े कि उनके राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी एम परमेश्वर रेड्डी उप्पल से चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कांपती आवाज में कहा, ''मैं आपसे नहीं डरता रेवंत रेड्डी. मैंने यहां तब पार्टी बनाई जब पार्टी कमजोर थी. क्योंकि आप पीसीसी प्रमुख थे, मैंने आपको सम्मान दिया लेकिन आपने मुझे एक बाहरी व्यक्ति, एक नए सदस्य के लिए छोड़ दिया. इस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके आसपास बैठे और खड़े उनके समर्थक अपनी आंखें पोंछते नजर आए. उप्पल के एक अन्य उम्मीदवार, सिंगीरेड्डी सोमशेखर रेड्डी ने घोषणा की कि वह "रेवंत हटाओ, कांग्रेस बचाओ" नारे के साथ पूरे राज्य में एक अभियान शुरू करेंगे. उन्होंने रेवंत रेड्डी का विरोध करने वालों से अपने साथ आने का आह्वान किया.
वहीं एक अन्य घटना मेडचल में हुई जहां अन्य उम्मीदवारों के समर्थक थोटाकुरा वज्रेश यादव के नेतृत्व वाले समूह से भिड़ गए. गौरतलब है कि वज्रेश यादव का नाम उम्मीदवारों की पहली सूची में है. कांग्रेस के लिए और भी शर्मिंदगी की स्थिति थी, जब वरिष्ठ नेता पोन्नाला लक्ष्मैया मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव से मिलने पहुंचे. पोन्नाला लक्ष्मैया के पार्टी से इस्तीफा देने के बाद, पीसीसी प्रमुख ने शुक्रवार को उन्हें लेकर कुछ अशोभनीय टिप्पणी की थी, उन्होंने कहा था कि पार्टी में 40 साल तक रहने और कई पदों का आनंद लेने के बाद, उन्हें मौत के कगार पर पार्टी बदलने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है?
बीआरएस के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव पोन्नाला लक्ष्मैया के घर गए और उन्हें केसीआर से मिलने और पार्टी में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया. सोमवार को वारंगल में औपचारिक रूप से वो बीआरएस में शामिल हो सकते हैं.
कांग्रेस ने जारी किए 55 उम्मीदवारों के नाम
गौरतलब है कि कांग्रेस ने रविवार को तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए 55 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की, जिसमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ए रेवंत रेड्डी और विधायक दल के नेता मल्लू भट्टी विक्रमार्क तथा कुछ अन्य वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल हैं. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी को कोडंगल विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया गया है. वहीं, विक्रमार्क को मधीरा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद उत्तम कुमार रेड्डी को हुजूरनगर से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेता अंजन कुमार यादव को मुशीराबाद से टिकट दिया गया है.
ये भी पढ़ें-
- Earthquake in Delhi-NCR: राजधानी दिल्ली और आसपास महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके
- NDTV Exclusive: ईरान के राजदूत ने इजरायल-हमास संघर्ष के लिए तीन वजहों को ठहराया जिम्मेदार
from NDTV India - India https://ift.tt/YxErcPd
No comments