Breaking News

ओडिशा के मुख्यमंत्री हीनता ग्रंथि के कारण नहीं पहुंचे जी20 के भोज में :भाजपा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा जी20 नेताओं के सम्मान में दिये गये भोज में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के नहीं पहुंचने के एक दिन बाद रविवार को विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दावा किया कि ‘हीनता ग्रंथि' के चलते उन्होंने यह फैसला किया. राज्य सरकार ने शनिवार के इस कार्यक्रम में पटनायक के नहीं पहुंचने की कोई वजह नहीं बताई है. ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता जयनारायण मिश्रा ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री के कदम ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं। पटनायक हीनता ग्रंथि से प्रभावित जान पड़ते हैं.''

मिश्रा ने कहा कि पटनायक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा निमंत्रित किये जाने के बाद भी भोज में नहीं पहुंचे जबकि बीजद प्रमुख ने राष्ट्रपति चुनाव के दौरान उन्हें ‘बहन' कहा था. 

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री को ही कारण मालूम होगा, लेकिन यह जान पड़ता है कि शायद किसी प्रकार की हीनता ग्रंथि ने उनके कदम पीछे खींच दिये. उन्होंने जरूर यह सोचा होगा कि इतनी बड़ी हस्तियों के बीच वह वहां क्या करेंगे.''

मिश्रा ने कहा कि वैसे ओड़िशा के लिए अच्छा हुआ कि मुख्यमंत्री भोज में नहीं गये. उन्होंने कहा, ‘‘कम से कम राज्य की प्रतिष्ठा बच गयी. उन्होंने (पटनायक ने) ओड़िशा को इस स्तर तक गिरा दिया है कि वह गरीबी, महिलाओं के विरूद्ध अपराध एवं ऐसी अन्य बातों के लिए जाना जाता है. यदि वह वहां होते और किसी ने उनसे प्रति व्यक्ति आय के बारे में पूछ लिया होता तो उन्होंने क्या जवाब दिया होता.''

वैसे तो मुख्यमंत्री कार्यालय और बीजद ने मिश्रा के आरोपों पर कुछ नहीं कहा है, लेकिन पार्टी सांसद अमर पटनायक ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘ यह शान की बात है कि विश्वप्रसिद्ध कोणार्क चक्र की प्रतिकृति वहां (जी20 आयोजन स्थल) पर थी और प्रधानमंत्री ने उसके सामने मेहमानों की अगवानी की.''

ये भी पढ़ें :

* VIDEO: जब खुद को उड़िया लोक गीत पर थिरकने से रोक नहीं पाईं IMF प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना
* G20 Summit 2023: सुदर्शन पटनायक ने बाइडेन के स्वागत में 2000 दीयों से बनाई रेत की मूर्ति
* खुद को अफसर बताकर LG वीके सक्सेना के आवास में घुसने वाले दो व्यक्ति गिरफ्तार



from NDTV India - India https://ift.tt/pRDjFtr

No comments